महिलाओं की शक्ति और संस्कारों को राष्ट्र निर्माण से जोड़ती है राष्ट्र सेविका समिति: अन्नदानम सीता गायत्री

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- राष्ट्र सेविका समिति के 90 वर्ष की यात्रा पर आधारित पुस्तिका का हुआ विमोचन
लखनऊ, 17 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्र सेविका समिति की 90 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर आधारित लघु पुस्तिका 'समिति के नब्बे वर्ष की यात्रा' का विमोचन प्रमुख कार्यवाहिका अन्नदानम सीता गायत्री ने मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के सभागार में किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध पैरालंपिक एथलीट पद्मश्री दीपा मलिक एवं प्रान्त कार्यवाहिका यशोधरा दीदी उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख कार्यवाहिका अन्नदानम सीता गायत्री ने कहा कि राष्ट्र सेविका समिति महिलाओं की शक्ति, सामर्थ्य और संस्कारों को राष्ट्र निर्माण से जोड़ती है। उन्होंने कहा अनेक संस्थाएँ महिलाओं के लिए कार्य करती हैं, लेकिन राष्ट्र सेविका समिति महिलाओं के माध्यम से राष्ट्र के लिए कार्य करने की प्रेरणा देती है।
सीता गायत्री ने कहा कि जिस प्रकार एक दीपक स्वयं जलकर चारों ओर प्रकाश फैलाता है, उसी प्रकार प्रत्येक महिला भी एक दीपक बनकर समाज और राष्ट्र में प्रकाश फैला सकती है। उन्होंने डॉ. सुरभि भदौरिया की लघु पुस्तिका को भी एक ऐसे ही दीपक के रूप में समाज को राष्ट्र सेविका समिति के इस ज्योति को आगे प्रकाश देगा और आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचेगा और उन्हें प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं प्रख्यात पैरालंपिक खिलाड़ी पद्मश्री दीपा मलिक ने अपने जीवन के विभिन्न संघर्षों और अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि जीवन में कभी भी हार नहीं माननी चाहिए। जब व्यक्ति के भीतर जिज्ञासा, दृढ़ इच्छाशक्ति और जीवन का एक निश्चित उद्देश्य होता है, तो वह हर परिस्थिति से संघर्ष करते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ता रहता है।
उन्होंने कहा कि जीवन में कैसी भी चुनौती या परिस्थिति क्यों न आए, यदि व्यक्ति स्वयं को चुनौती देने का साहस रखता है और अपने भीतर मजबूत इच्छाशक्ति बनाए रखता है, तो सफलता प्राप्त करने से उसे कोई नहीं रोक सकता। हमने स्वयं अपने जीवन और उपलब्धियों के माध्यम से इस विचार को साकार किया है।
राष्ट्र सेविका समिति की क्षेत्र प्रचारिका शशी ने बताया कि राष्ट्र सेविका समिति की 90 वर्षों की यह यात्रा भारतीय नारी की संगठन शक्ति,सांस्कृतिक चेतना, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरक गाथा है। इन 90 वर्षों में समिति ने महिलाओं के व्यक्तित्व विकास,नेतृत्व क्षमता,सामाजिक जागरूकता,सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और राष्ट्र जीवन में उनकी सक्रिय सहभागिता को निरंतर प्रोत्साहित किया है।
प्रान्त कार्यवाहिका यशोधरा दीदी ने आभार जताते हुए कहा कि यह पुुस्तिका केवल अतीत का दस्तावेज नहीं,बल्कि उन असंख्य महिलाओं के परिश्रम, संकल्प और विचारों का स्वरूप भी है जिन्होंने समाज और राष्ट्र के लिए अपना योगदान दिया है।
लघु पुस्तिका का संपादन करने वाली राष्ट्र सेविका समिति की क्षेत्र संपर्क प्रमुख सुरभि भदौरिया ने बताया कि इस पुस्तिका में नौ दशकों की संगठनात्मक यात्रा को एक सूत्र में पिरोने,विभिन्न कालखण्डों में हुए कार्यों व उपलब्धियों को दस्तावेजी स्वरूप देने तथा वर्तमान पीढ़ियों के अनुभवों को वर्तमान एवं भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में राष्ट्र सेविका समिति की बहनें व छात्राएं उपस्थित रहीं। छात्राओं की जिज्ञासा का समाधान भी सीता दीदी ने किया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन