नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई: 73.19 ग्राम ब्राउन शुगर और 1.18 लाख नकद के साथ तस्कर गिरफ्तार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
भागलपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर नकेल कसते हुए हबीबपुर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नवटोलिया शाहजंगी के पास छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने वाले एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिकेत कुमार के रूप में हुई है। शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी अतुलेश झा ने इस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि हबीबपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नवटोलिया शाहजंगी इलाके में अनिकेत कुमार नामक युवक बड़े पैमाने पर ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर त्वरित छापेमारी की गई, जिसमें आरोपी को मौके से दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से ब्राउन शुगर 73.19 ग्राम, 1 लाख 18 हजार रुपये नगद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि बरामद नकदी और ब्राउन शुगर की मात्रा को देखते हुए पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। पुलिस अब इस बिंदु पर गहन जांच कर रही है कि इस अवैध धंधे के पीछे कोई अंतरराज्यीय गिरोह तो सक्रिय नहीं है। इसके साथ ही, जब्त मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के तार स्थानीय स्तर पर किन-किन सप्लायरों और खरीदारों से जुड़े हुए हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर