Live VNS

नए एसपी अमित ने पुलिस लाइन का किया औचक निरीक्षण

नए एसपी अमित ने पुलिस लाइन का किया औचक निरीक्षण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

गोपेश्वर, 28 नवम्बर (हि.स.)। चमोली के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव ने शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन गोपेश्वर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं, आवासीय परिसरों और निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

पुलिस लाइन पहुंचने पर एसपी ने सर्वप्रथम गार्द की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने शस्त्रागार, स्टोर कार्यालय, पुलिस बैरक, भोजनालय, जिम, पुलिस दूरसंचार केंद्र और महिला हेल्पलाइन का निरीक्षण किया। साथ ही सीपीसी कैंटीन, पुलिस पेट्रोल पंप और आवासीय परिसरों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस विभाग के निर्माणाधीन भवनों का भी निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति जानी।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने शाखा प्रभारियों से कार्यप्रणाली और उपलब्ध संसाधनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव, परिसर में साफ-सफाई, अनुशासन और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के साथ पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।

एसपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों को अच्छी सुविधाएं और अनुकूल माहौल मिलने से वे अधिक ऊर्जा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यों में गुणवत्ता, अनुशासन और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान यातायात निरीक्षक दिगंबर उनियाल समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…