Live VNS

रिश्वतखोरी और अवैध वसूली की शिकायतों पर एसपी ने 47 पुलिसकर्मियों काे किया लाइन हाजिर

रिश्वतखोरी और अवैध वसूली की शिकायतों पर एसपी ने 47 पुलिसकर्मियों काे किया लाइन हाजिर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जौनपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रिश्वतखोरी और अवैध वसूली की शिकायतों पर पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने गोपनीय जांच के बाद शुक्रवार देररात विभिन्न थानों में तैनात 47 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है।

पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली और कथित भ्रष्टाचार को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों को एसपी ने गंभीरता से लिया था। इसके बाद गोपनीय स्तर पर जांच कराई गई। जांच में चिह्नित पुलिसकर्मियों को उनकी वर्तमान तैनाती से हटाकर पुलिस लाइन भेजने का आदेश जारी किया है।

इस कार्रवाई में मुख्य आरक्षी और आरक्षी स्तर के पुलिसकर्मी शामिल हैं। जारी आदेश में उनके नाम और पूर्व तैनाती का विवरण भी दिया गया है। कार्रवाई की सूची में मुख्य आरक्षी जितेन्द्र पाण्डेय, विपुल कुमार राय, अमलेश कुमार सिंह, पंकज पुरी, बलवन्त सिंह, अखिलेश सिंह, शिवाकान्त पाठक, विजय कुमार दूबे, ओम प्रकाश मिश्रा, मानस कुमार तिवारी, लव कुमार सिंह, दिनेश कुमार सरोज, राजकुमार यादव, संदीप सिंह, राकेश कुमार, श्रीप्रकाश तिवारी, अनुज प्रताप सिंह, उमाशंकर सिंह और अनिलेंद्र प्रसाद समेत अन्य पुलिसकर्मियों के नाम शामिल हैं।

एसपी की इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इसके जरिए स्पष्ट संदेश दिया गया है कि विभाग में भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और अनुशासनहीनता की शिकायतों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…