बाल विवाह कुप्रथा को समाप्त करने के लिए केवि में चलाया विशेष जागरूकता अभियान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई टिहरी, 26 नवंबर (हि.स.)। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से वीरवार को केंद्रीय विद्यालय में समाज से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को बाल विवाह न करने और इस प्रथा के खिलाफ आवाज उठाने की शपथ दिलाई गई। जिला मिशन कॉऑर्डिनेटर रमेश डंगवाल ने छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणाम और इससे जुड़े सख्त कानूनी नियमों की विस्तृत जानकारी दी।
बताया कि बाल विवाह एक गंभीर कानूनी अपराध है, जो बच्चें के भविष्य और स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। इसके साथ ही उन्होंने विभाग की बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान और नंदा गौरा योजना सहित सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। जेंडर स्पेशलिस्ट रजनी लखेड़ा ने छात्रों को बाल विवाह नहीं करने, कहीं बाल विवाह होने पर उसके खिलाफ आवाज उठाने और बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए समाज में जारुकता बढ़ाने की सामूहिक शपथ दिलाई।
प्राचार्य मोनिका बजाज ने विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बच्चे यह जानकारी अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने का कार्य करें। इस प्रयास से निश्चित की समाज में बाल विवाह प्रथा समाप्त हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी