नाग नथैया लीला से पहले तुलसी और अस्सी घाट पर विशेष सफाई अभियान, 35 अतिरिक्त कर्मचारी तैनात, शाम 4:40 बजे छलांग लगाएंगे कान्हा

काशी के ऐतिहासिक लक्खा मेले को लेकर नगर निगम ने तेज की तैयारियां, घाटों पर रोशनी, चेंजिंग रूम और डस्टबिन की व्यवस्था; छठ पूजा के मद्देनजर 26 नवंबर तक जारी रहेगा विशेष सफाई अभियान
वाराणसी। काशी के ऐतिहासिक लक्खा मेलों में शुमार नाग नथैया लीला को लेकर नगर निगम ने तुलसी घाट और अस्सी घाट पर विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। शुक्रवार शाम 4:40 बजे तुलसी घाट पर भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप में बालक कदंब की डाल से गंगा में छलांग लगाकर कालिया नाग के दमन की लीला का मंचन करेंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए नगर निगम ने नियमित सफाई कर्मचारियों के अतिरिक्त 35 कर्मचारियों की तैनाती की है।
महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर घाटों, आसपास की गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई कराई जा रही है। नगर निगम की टीमें लगातार कूड़ा-कचरा हटाने और उसके निस्तारण में जुटी हैं।
35 अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती
सफाई एवं खाद्य निरीक्षक शिवेश कुमार तिवारी ने बताया कि नाग नथैया लीला के मद्देनजर तुलसी घाट और अस्सी घाट क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पहले से तैनात कर्मचारी नियमित सफाई कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए 35 अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों को लगाया गया हैये कर्मचारी घाटों, संपर्क मार्गों और आसपास के सार्वजनिक स्थानों की सफाई के साथ कचरे के निस्तारण की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
घाटों पर रोशनी और चेंजिंग रूम की व्यवस्था
नगर निगम ने नाग नथैया लीला के साथ छठ पूजा की तैयारियों को भी ध्यान में रखते हुए घाटों पर सुविधाएं बढ़ाई हैं। शिवेश कुमार तिवारी के अनुसार, घाटों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराई जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा स्वच्छता बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर और चूने का छिड़काव कराया जा रहा है।जगह-जगह लगाए गए डस्टबिन, श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील। नगर निगम ने घाटों पर कूड़ा-कचरा एकत्र करने के लिए डस्टबिन की व्यवस्था की है।
श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे पूजा सामग्री, फूल-माला और अन्य कचरा गंगा या घाटों पर इधर-उधर न फेंकें। इसके बजाय निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करें।नगर निगम का कहना है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से सफाई व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। ऐसे में नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है।
शाम 4:40 बजे होगा नाग नथैया लीला का मंचन
तुलसी घाट पर शुक्रवार शाम 4:40 बजे ऐतिहासिक नाग नथैया लीला का आयोजन होगा। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण का स्वरूप धारण करने वाला बालक कदंब की डाल से गंगा में छलांग लगाएगा और कालिया नाग के फन पर भगवान कृष्ण की लीला का मंचन किया जाएगा।काशी की प्राचीन धार्मिक परंपराओं में शामिल इस आयोजन को देखने के लिए हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु तुलसी घाट पहुंचते हैं।
26 नवंबर तक जारी रहेगा विशेष सफाई अभियान
सफाई एवं खाद्य निरीक्षक शिवेश कुमार तिवारी ने बताया कि नाग नथैया लीला के साथ ही छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए विशेष सफाई अभियान 26 नवंबर तक चलाने की योजना है। इस दौरान घाटों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई, कचरा निस्तारण और अन्य व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी। नगर निगम का उद्देश्य है कि धार्मिक आयोजनों में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिले और घाटों पर गंदगी के कारण किसी प्रकार की असुविधा न हो।