मतदाता सूची पुनरीक्षण: जिले के सभी बूथों पर 21 व 22 नवंबर को लगेंगे विशेष कैंप, नाम जुड़वाने व संशोधन का मिलेगा अवसर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कटिहार, 20 नवंबर (हि.स.)। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम–2026 के तहत निर्वाचक सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए जिले के सभी मतदान केंद्रों पर दो चरणों में विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देशानुसार प्रथम चरण का विशेष कैंप 21 व 22 नवंबर (शनिवार व रविवार) को तथा द्वितीय चरण का कैंप 5 व 6 दिसंबर को लगेगा। इन तिथियों पर सभी मतदान केंद्रों पर संबंधित बीएलओ प्रपत्र-6, 7 एवं 8 के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे, ताकि योग्य नागरिक मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने, विलोपन या प्रविष्टियों में संशोधन से संबंधित आवेदन कर सकें।
प्रशासन द्वारा निर्वाचक सूची में लिंगानुपात सुधारने के लिए महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए मतदान केंद्रवार बीएलओ को लक्ष्य आवंटित किए गए हैं तथा सीडीपीओ व डीपीएम जीविका के माध्यम से आंगनबाड़ी सेविकाओं और जीविका दीदियों का भी सहयोग लिया जा रहा है। साथ ही जिले के सभी सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में ईपी (इलेक्टोरल पॉपुलेशन) रेशियो में सुधार के लिए हर योग्य नागरिक का नाम सूची में दर्ज करने का निर्देश दिया गया है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मताधिकार से वंचित न रहे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अभियान की पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए प्रपत्र-9, 10 एवं 11, चेकलिस्ट और अन्य अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) को निर्देश दिया है कि वे कैंप का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं और आपसी समन्वय से कार्य करें। जिला प्रशासन ने सभी योग्य नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने मतदान केंद्र पहुंचकर मतदाता सूची से जुड़े आवश्यक कार्य अवश्य कराएं।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह