मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 28-29 नवंबर को विशेष अभियान : महेंद्र सिंह तंवर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कानपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र लोगों को अभियान के दौरान पंजीकरण का अवसर मिलेगा। युवाओं और महिलाओं के नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है। यह बातें शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की जानकारी देते हुए कहीं।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। इसके तहत दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगी। इसी क्रम में 28 और 29 नवंबर को जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों के 3,736 बूथों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
दोनों दिन बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 से शाम चार बजे तक मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। उनके पास 17 नवंबर को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची के साथ फॉर्म-6, 7 और 8 उपलब्ध रहेंगे। मतदाता सूची में नाम और अन्य विवरणों की जांच के साथ नए नाम जुड़वाने, नाम हटाने पर आपत्ति दर्ज कराने और संशोधन के लिए आवेदन किया जा सकेगा।
प्रत्येक मतदान केंद्र पर सहायता के लिए हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। इसके अलावा मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी जानकारी ली जा सकेगी। जिलाधिकारी ने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों, वर्तमान व पूर्व ग्राम प्रधानों, पार्षदों, स्वयंसेवकों और सामाजिक संगठनों से भी सहयोग लेने को कहा गया है।
निर्वाचन अधिकारी विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर बीएलओ की उपस्थिति, आवेदन फॉर्मों की उपलब्धता और हेल्प डेस्क की व्यवस्था जांचेंगे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने बूथ पर जाकर परिवार के सभी सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जरूर जांच लें। नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम-पते में संशोधन या निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 और नियमानुसार अपात्र अथवा मृतक मतदाता का नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 भरें। पात्र लोगों को भी इस अभियान के प्रति जागरूक करें, जिससे मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप