Live VNS

'फैब फोर' का हिस्सा होने का कभी दबाव महसूस नहीं किया: विलियमसन

'फैब फोर' का हिस्सा होने का कभी दबाव महसूस नहीं किया: विलियमसन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने क्रिकेट के मशहूर 'फैब फोर' का हिस्सा होने को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें कभी इस प्रतिष्ठित समूह में शामिल होने का अतिरिक्त दबाव महसूस नहीं हुआ। उनके लिए हमेशा टीम की जीत और देश के लिए उपयोगी योगदान देना ही सबसे बड़ी प्राथमिकता रही।

दरअसल 'फैब फोर' शब्द न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर मार्टिन क्रो ने 2014 में विलियमसन, भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली, ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट के लिए कहा था। उनका मानना था कि ये खिलाड़ी आगे चलकर अपने देशों को लीड करेंगे और आने वाले वर्षों में बहुत सारे रन बनाएंगे। इन सभी खिलाड़ियों ने अपने देश के लिए ढेरों रन बनाए और महान क्रिकेटरों में एक बने। खासकर विराट ने 28,000 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन और 86 शतक के साथ, सभी फॉर्मेट के महान खिलाड़ी के तौर पर एक मजबूत पहचान बनाई है।

विलियमसन ने आईसीसी रिव्यू के हालिया एपिसोड में पूर्व इंग्लिश कप्तान नासिर हुसैन से बातचीत के दौरान 'फैब फोर' में अपनी जगह और अपने अनुभवों पर खुलकर चर्चा की। पूर्व दिग्गज ने कहा कि उन्हें कभी फैब फोर का हिस्सा होने का दबाव महसूस नहीं हुआ। उन्होंने विराट कोहली, जो रूट और स्टीव स्मिथ की जमकर तारीफ की। विलियमसन के मुताबिक, वह इन तीनों खिलाड़ियों का काफी सम्मान करते हैं और उनके खेलने के अंदाज को पसंद करते हैं।

उन्होंने कहा कि मुझे कभी इसका बोझ महसूस नहीं हुआ। मैं फैब फोर के बाकी तीनों खिलाड़ियों की बहुत प्रशंसा करता हूं। मैं उन्हें अच्छी तरह जानता हूं। जो रूट के साथ यॉर्कशायर में खेल चुका हूं और बाकी खिलाड़ियों के खिलाफ लंबे समय तक क्रिकेट खेला है। मैं उनके खेलने के तरीके का बहुत सम्मान करता हूं। ये तीनों खिलाड़ी एक-दूसरे से काफी अलग हैं।

विलियमसन ने कहा कि व्यक्तिगत उपलब्धियां हासिल करना और फैब फोर के अन्य खिलाड़ियों के साथ अपना नाम जुड़ना निश्चित रूप से खास था, लेकिन उनका ध्यान हमेशा न्यूजीलैंड टीम के लिए बेहतर प्रदर्शन करने पर रहा।

उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य टीम के लिए लगातार उपयोगी योगदान देना और अपने खेल में सुधार करते रहना था। अलग-अलग परिस्थितियों और समय में खिलाड़ियों के प्रदर्शन की तुलना करना आसान नहीं होता। इसलिए उन्होंने कभी इस तुलना को ज्यादा महत्व नहीं दिया।

विलियमसन ने यह भी कहा कि संन्यास के बाद जब वह अपने करियर को पीछे मुड़कर देखते हैं, तो उन्हें यह काफी खास लगता है कि चारों खिलाड़ी लंबे समय तक एक साथ टेस्ट क्रिकेट में सक्रिय रहे और उन्होंने खूब रन बनाए।

बातचीत के दौरान विलियमसन से यह भी पूछा गया कि मौजूदा क्रिकेट में कौन से युवा बल्लेबाज भविष्य में फैब फोर जैसा मुकाम हासिल कर सकते हैं। इस पर विलियमसन ने पांच खिलाड़ियों के नाम बताए। उनकी सूची में इंग्लैंड के हैरी ब्रूक, भारत के शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल, ऑस्ट्रेलिया के कैमरून ग्रीन और न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र शामिल हैं।

विलियमसन ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह पहले भी इस सवाल का जवाब दे चुके हैं, इसलिए इस बार भी वही नाम बताएंगे, वरना यह एक तरह का धोखा होगा। उन्होंने बताया कि इनमें हैरी ब्रूक थे, शुभमन गिल थे, कैमरन ग्रीन थे और यशस्वी जायसवाल भी थे। इसमें एक और नाम था जो रचिन रविंद्र थे। मुझे लगता है कि उनके सामने एक चुनौती क्रिकेट की मात्रा (बहुत ज्यादा मैच) हो सकती है, खासकर टेस्ट क्रिकेट के मामले में। मुझे नहीं पता कि आगे चलकर चीजें कैसी होंगी, लेकिन मेरी लिस्ट में वे भी शामिल हैं।

न्यूजीलैंड के इस दिग्गज बल्लेबाज ने जून में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। विलियमसन ने सभी प्रारूपों में 378 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और न्यूजीलैंड के लिए 19,000 से अधिक रन बनाए। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 110 मैचों में 54.06 की औसत से 9,515 रन (33 शतक) और वनडे में 175 मैचों में 48.7 की औसत से 7,256 रन (15 शतक) बनाए। वहीं टी20 अंतरराष्ट्रीय में 93 मैचों में 2,575 रन बनाए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…