बुडापेस्ट फास्ट क्लासिक में कारुआना और नीमन की लगातार दो जीत, असौबायेवा ने एरिगैसी को हराया

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
दूसरे दिन 24 में से 13 बाजियों के निकले निर्णायक परिणाम, अलीरेजा फिरोजा ग्रुप ए और फैबियानो कारुआना ग्रुप बी में शीर्ष पर
बुडापेस्ट, 13 नवंबर (हि.स.)।
अमेरिका के फैबियानो कारुआना और हंस मोके नीमन ने बुडापेस्ट में जारी टोटल चेस विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट के फास्ट क्लासिक ग्रुप चरण के दूसरे दिन अपनी दोनों बाजियां जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, उज्बेकिस्तान की बिबिसारा असौबायेवा ने भारत के अर्जुन एरिगैसी को हराकर दिन का बड़ा उलटफेर किया।
दूसरे दिन तीसरे और चौथे दौर में कुल 24 में से 13 बाजियों के निर्णायक परिणाम निकले। पहले दिन की तुलना में यह तीन अधिक था। प्रतियोगिता के इस प्रारूप में प्रत्येक खिलाड़ी को एक ही प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ दो बाजियां खेलनी होती हैं, जिनमें रंग बदल जाते हैं। जीत पर तीन अंक और ड्रॉ पर एक अंक दिए जाते हैं। दोनों बाजियां जीतने के कारण कारुआना और नीमन ने छह-छह अंक हासिल किए।
ग्रुप ए में अलीरेजा फिरोजा आठ अंकों के साथ अकेले शीर्ष पर पहुंच गए हैं। ग्रुप बी में कारुआना 10 अंकों के साथ पहले स्थान पर हैं। ग्रुप सी में इयान नेपोमनियाची और हाइक मार्टिरोस्यान छह-छह अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। ग्रुप डी में नीमन ने मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव के साथ आठ अंकों पर बराबरी कर ली है।
ग्रुप ए : फिरोजा ने बनाई बढ़त
ग्रुप ए में अलीरेजा फिरोजा ने जॉर्डन वान फॉरेस्ट के खिलाफ सफेद मोहरों से लंबी बाजी जीत ली, जबकि दूसरी बाजी ड्रॉ रही। इस प्रदर्शन से फिरोजा को चार अंक मिले और वह कुल आठ अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गए। जान-क्रिस्टोफ डूडा उनसे एक अंक पीछे हैं।
डूडा और नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव के बीच दोनों बाजियों में जीत का आदान-प्रदान हुआ। डूडा ने पहली बाजी जीती, जो दिन की सबसे लंबी बाजी रही। इसके बाद अब्दुसत्तोरोव ने दूसरी बाजी जीतकर हिसाब बराबर कर लिया। दोनों को तीन-तीन अंक मिले। डूडा के सात और अब्दुसत्तोरोव के चार अंक हैं।
लेवोन एरोनियन और एंड्रयू होंग के बीच दोनों बाजियां ड्रॉ रहीं। एरोनियन के पांच और होंग के तीन अंक हो गए हैं। वान फॉरेस्ट के खाते में चार अंक हैं।
ग्रुप बी : कारुआना की दोहरी जीत
ग्रुप बी में फैबियानो कारुआना ने आर. प्रज्ञानानंद के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। सफेद मोहरों से खेलते हुए कारुआना ने एक मोहरा बलिदान कर काले मोहरों से खेल रहे प्रतिद्वंद्वी की रक्षा को कमजोर किया और आसानी से जीत हासिल की। इसके बाद उन्होंने काले मोहरों से भी दूसरी बाजी जीत ली।
दोनों जीत से कारुआना के कुल 10 अंक हो गए हैं और उन्होंने दूसरे स्थान पर मौजूद लियेम ले पर दो अंकों की बढ़त बना ली है।
लियेम ले ने विंसेंट कीमर के खिलाफ एक जीत और एक ड्रॉ के साथ चार अंक हासिल किए। उन्होंने सफेद मोहरों से कड़े मुकाबले में जीत दर्ज की। ले के आठ अंक हैं, जबकि कीमर तीन अंकों पर हैं।
रिचर्ड रापोर्ट और व्लादिस्लाव आर्टेमिएव के बीच दोनों बाजियां ड्रॉ रहीं। दोनों के तीन-तीन अंक हैं। प्रज्ञानानंद दो अंकों पर बने हुए हैं।
ग्रुप सी : मार्टिरोस्यान ने की वापसी, कार्लसन की चौथी बाजी भी ड्रॉ
ग्रुप सी में हाइक मार्टिरोस्यान ने अनिश गिरि के खिलाफ पहली बाजी गंवाने के बाद शानदार वापसी की। गिरि ने सफेद मोहरों से खेलते हुए महज 26 चालों में जीत हासिल की, लेकिन मार्टिरोस्यान ने वापसी की बाजी सफेद मोहरों से जीत ली। इस तरह मार्टिरोस्यान के छह अंक हो गए और वह इयान नेपोमनियाची के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए। गिरि के पांच अंक हैं।
नेपोमनियाची और शाखरियार मामेद्यारोव के बीच दोनों बाजियां ड्रॉ रहीं। दोनों खिलाड़ियों को दो-दो अंक मिले और मामेद्यारोव के कुल पांच अंक हो गए।
मैग्नस कार्लसन और अभिमन्यु मिश्रा के बीच भी दोनों बाजियां ड्रॉ रहीं। दूसरी बाजी में लंबा एंडगेम देखने को मिला, जिसमें सफेद मोहरों से खेल रहे मिश्रा जीत के लिए दबाव बना रहे थे। कार्लसन की फास्ट क्लासिक में यह लगातार चौथी ड्रॉ बाजी रही। उनके चार और मिश्रा के तीन अंक हैं।
ग्रुप डी : नीमन की छह अंक वाली छलांग, असौबायेवा ने एरिगैसी को हराया
ग्रुप डी में हंस मोके नीमन ने आर. वैशाली के खिलाफ दोनों बाजियां जीतकर पूरे छह अंक हासिल किए। उन्होंने पहली बाजी काले और दूसरी सफेद मोहरों से जीती। इस प्रदर्शन से नीमन दो से बढ़कर आठ अंकों पर पहुंच गए, जबकि वैशाली के खाते में एक अंक है।
मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव ने वेस्ली सो के खिलाफ पहली बाजी सफेद मोहरों से जीती और दूसरी ड्रॉ खेली। उन्हें चार अंक मिले और वह भी आठ अंकों पर पहुंच गए। वेस्ली सो के तीन अंक हैं।
दिन के सबसे चर्चित परिणामों में से एक बिबिसारा असौबायेवा की अर्जुन एरिगैसी पर जीत रही। असौबायेवा ने पहली बाजी काले मोहरों से जीती। उनकी आगे बढ़ती प्यादों ने इस मुकाबले में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, चौथे दौर में एरिगैसी ने काले मोहरों से जीत दर्ज कर वापसी की। दोनों खिलाड़ी पांच-पांच अंकों के साथ दिन का समापन करने में सफल रहे।
बुडापेस्ट में फास्ट क्लासिक का राउंड रॉबिन चरण जारी रहेगा। खिलाड़ी नॉकआउट चरण के लिए अपनी स्थिति मजबूत करने के इरादे से उतरेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे