आकाश दीप ने टेस्ट में दूसरी बार झटके पांच विकेट, न्यूजीलैंड की पारी 356 रन पर सिमटी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
चायकाल तक भारत ने 59 रन पर खोया 3 विकेट
क्राइस्टचर्च, 28 नवंबर (हि.स.)।भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शनिवार को दूसरे टेस्ट मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने करियर में दूसरी बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया। उन्होंने 99 रन देकर पांच विकेट हासिल किए और न्यूजीलैंड की पहली पारी 356 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई।
आकाश दीप ने न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम, रचिन रवींद्र, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन और मैट हेनरी को अपना शिकार बनाया। 29 वर्षीय गेंदबाज ने लगातार सही लेंथ और चौथे स्टंप की लाइन पर गेंदबाजी कर न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को परेशान किया। गेंद को दोनों ओर स्विंग कराने की उनकी क्षमता ने भी बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कीं।
आकाश ने पहले दिन दूसरे सत्र में लगातार दो ओवरों में लैथम और रचिन रवींद्र को आउट कर भारत की मुकाबले में वापसी कराई। उस समय लैथम और डेवोन कॉनवे लगातार रन बनाकर न्यूजीलैंड की पारी को आगे बढ़ा रहे थे।
इसके बाद नाथन स्मिथ और काइल जैमीसन को आउट कर आकाश ने अपने विकेटों की संख्या चार पहुंचा दी। हालांकि, पांचवां विकेट हासिल करने के उनके तीन मौके छूट गए। मैट हेनरी को देवदत्त पडिक्कल ने दो बार और गुरनूर बराड़ ने एक बार जीवनदान दिया।
आखिरकार हेनरी की किस्मत ने उनका साथ छोड़ दिया। बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में वह गेंद को विकेट के पार पहुंचाने में नाकाम रहे और गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर ऋषभ पंत के दस्तानों में चली गई। इस विकेट के साथ ही आकाश ने टेस्ट क्रिकेट में अपना दूसरा पांच विकेट लेने का प्रदर्शन पूरा किया।
आकाश दीप का इससे पहले टेस्ट क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन जुलाई 2025 में एजबेस्टन में इंग्लैंड के खिलाफ आया था, जब उन्होंने 99 रन देकर छह विकेट हासिल किए थे।
वही भारतीय टीम की खराब शुरुआत रही और चायकाल तक भारत ने कप्तान शुभमन गिल, देवदत्त पडिक्कल और यशस्वी जयसवाल के विकेट खो दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे