Live VNS

मोहम्मद सिराज को बाहर रखने पर शुभमन गिल की सफाई, बोले- यह मुश्किल फैसला था, मजबूत वापसी करेंगे

मोहम्मद सिराज को बाहर रखने पर शुभमन गिल की सफाई, बोले- यह मुश्किल फैसला था, मजबूत वापसी करेंगे

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

वेलिंगटन, 23 नवंबर (हि.स.)। भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन से तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर रखने के फैसले पर सफाई दी है। गिल ने कहा कि टीम का चयन मौजूदा फॉर्म के आधार पर किया गया था। उन्होंने इस फैसले को मुश्किल बताते हुए कहा कि सिराज उनके करीबी दोस्त हैं और उन्हें बाहर रखने से पहले उन्होंने व्यक्तिगत रूप से उनसे बात की थी। गिल को भरोसा है कि सिराज मजबूत वापसी करेंगे।

बेसिन रिजर्व में भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट ड्रॉ होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिल ने कहा कि उन्होंने मुकाबले से पहले सिराज से बात कर टीम के फैसले के बारे में बताया था। सिराज ने भी इस फैसले को समझा।

गिल ने कहा, “सिराज मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं और उन्हें टीम से बाहर रखना वाकई बहुत मुश्किल फैसला था। हमने साथ में काफी क्रिकेट खेली है और मैं उन्हें शुरुआती दिनों से जानता हूं। टेस्ट मैच से पहले मैंने उनसे बात की और टीम के इस फैसले के बारे में समझाया। उन्होंने इसे समझा भी। देखिए, हर खिलाड़ी के करियर में एक ऐसा दौर आता है, जब वह अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के स्तर पर नहीं होता। हमने मौजूदा फॉर्म के आधार पर टीम का चयन किया। सिराज जिस तरह के खिलाड़ी हैं, वह यहां से और बेहतर वापसी करेंगे।”

गिल का यह बयान सिराज को टीम से बाहर रखने के फैसले पर उठे राजनीतिक विवाद के बीच आया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आरोप लगाया था कि पिछले प्रदर्शन के बावजूद तेज गेंदबाज को उनके नाम के कारण टीम में जगह नहीं दी गई। उनके इस आरोप के बाद राजनीतिक नेताओं की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ नेताओं ने मसूद के दावे का समर्थन किया, जबकि कुछ ने टीम चयन में धार्मिक भेदभाव के आरोपों को खारिज किया।

हालांकि, गिल ने स्पष्ट किया कि सिराज को बाहर रखने का फैसला पूरी तरह क्रिकेट से जुड़े पहलुओं और मौजूदा फॉर्म के आधार पर लिया गया था। उन्होंने तेज गेंदबाज की मजबूत वापसी का भरोसा भी जताया। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में सिराज को अंतिम एकादश में शामिल नहीं किया था। टीम ने तेज गेंदबाजी आक्रमण में जसप्रीत बुमराह, आकाश दीप, अंशुल कंबोज और प्रसिद्ध कृष्णा को मौका दिया था।

बेसिन रिजर्व में सोमवार को पांचवें और अंतिम दिन भारत न्यूजीलैंड के बाकी बचे पांच विकेट हासिल नहीं कर सका और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

भारत ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 720 रन बनाकर घोषित की थी। केएल राहुल ने 136 और ऋषभ पंत ने 128 रन बनाए। गिल शतक से चूक गए और उन्होंने 98 रन की पारी खेली। यशस्वी जायसवाल ने 85 रन बनाए, जबकि देवदत्त पडिक्कल ने 80 और ध्रुव जुरेल ने 78 रन का योगदान दिया।

जवाब में न्यूजीलैंड की पहली पारी 368 रन पर सिमट गई। हेनरी निकोल्स ने नाबाद 175 और ग्लेन फिलिप्स ने 118 रन बनाए। इन दोनों ने पांच विकेट पर 70 रन की मुश्किल स्थिति से टीम को उबारते हुए छठे विकेट के लिए 216 रन की साझेदारी की।

भारत ने अंतिम दिन मजबूत स्थिति में खेल शुरू किया था, लेकिन डेरिल मिचेल और फिलिप्स की जुझारू बल्लेबाजी ने मेहमान टीम को जीत से दूर रखा।

न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में 120 ओवर बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 239 रन बनाए। मिचेल 186 गेंदों पर 49 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि फिलिप्स ने 126 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाए। अंतिम दिन भारतीय गेंदबाज केवल तीन विकेट हासिल कर सके। वाशिंगटन सुंदर, प्रसिद्ध कृष्णा और अंशुल कंबोज ने एक-एक विकेट लिया।

अंतिम घंटे से कुछ समय पहले भारतीय कप्तान गिल ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों से हाथ मिलाया और मुकाबला ड्रॉ समाप्त हो गया।

अब दोनों टीमें दूसरे और अंतिम टेस्ट के लिए क्राइस्टचर्च रवाना होंगी। यह मुकाबला 27 नवंबर से हेगले ओवल में शुरू होगा। पहला टेस्ट ड्रॉ रहने के बाद भारत की कोशिश दूसरा मुकाबला जीतकर श्रृंखला अपने नाम करने की होगी।

इससे पहले भारत ने न्यूजीलैंड दौरे पर पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला 3-2 से और एकदिवसीय शृंखला 3-1 से जीती थी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…