सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी : विवेक शेलार ने महाराष्ट्र टीम में चयन का श्रेय आईएसपीएल को दिया

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- आईएसपीएल में शानदार प्रदर्शन और 145.2 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार ने दिलाई पहचान
मुंबई, 12 नवंबर (हि.स.)। इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (आईएसपीएल) में अपनी रफ्तार और शानदार प्रदर्शन से पहचान बनाने वाले भिवंडी के तेज गेंदबाज विवेक शेलार को आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए महाराष्ट्र की टीम में चुना गया है। 26 वर्षीय शेलार ने इसी साल फरवरी में खेले गए अपने पहले आईएसपीएल सत्र में कोलकाता टाइगर्स के लिए नौ विकेट लिए थे। इसमें एलिमिनेटर मुकाबले में ली गई हैट्रिक भी शामिल है। कोलकाता टाइगर्स के सह-मालिक सैफ अली खान, करीना कपूर खान और सौरव गांगुली हैं।
आईएसपीएल में सबसे तेज गेंदबाज रहे शेलार ने टूर्नामेंट के दौरान 145.2 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी। उन्होंने महाराष्ट्र टीम में चयन का श्रेय आईएसपीएल में अपने प्रदर्शन को दिया। शेलार के मुताबिक, चयनकर्ताओं ने आईएसपीएल में उनकी गेंदबाजी और रफ्तार पर लगातार नजर रखी, जिसके बाद उन्हें महाराष्ट्र के लिए खेलने का मौका मिला।
शेलार ने कहा, “आईएसपीएल और वहां मेरे प्रदर्शन की वजह से ही मुझे राजस्थान रॉयल्स के ट्रायल में अभ्यास के लिए बुलाया गया था। चयनकर्ताओं ने आईएसपीएल में मेरे प्रदर्शन और गेंदों की रफ्तार देखने के बाद मुझ पर भरोसा जताया।”
उन्होंने कहा, “अब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए चयन हुआ है तो मैं वहां अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा। उम्मीद है कि इसके बाद आईपीएल में भी चयन हो सकेगा। मेरा लक्ष्य यही है, लेकिन सबसे पहले मैं महाराष्ट्र को जीत दिलाने की कोशिश करूंगा।”
भारत का प्रतिनिधित्व करने का सपना हर क्रिकेटर की तरह शेलार भी देखते हैं, लेकिन वह फिलहाल एक-एक कदम आगे बढ़ना चाहते हैं। महाराष्ट्र की टीम में ऋतुराज गायकवाड़ और पृथ्वी शॉ जैसे भारतीय सितारे शामिल हैं। शेलार इस टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन कर अपनी जगह मजबूत करना चाहते हैं।
भारत की पहली टेनिस बॉल आधारित टी10 क्रिकेट लीग आईएसपीएल ने स्थानीय स्तर पर टेनिस बॉल क्रिकेट खेलने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पेशेवर क्रिकेट तक पहुंचने का मंच दिया है। शेलार के लिए यह अनुभव बेहद खास रहा है। उन्होंने बताया कि जब वह गांव में खेलते हैं और उनका मैच टेलीविजन पर सीधा प्रसारित होता है तो वहां त्योहार जैसा माहौल बन जाता है।
उन्होंने कहा, “पहले मैचों का प्रसारण यूट्यूब पर होता था, लेकिन अब जियोहॉटस्टार पर प्रसारण होने लगा है। इससे बहुत बड़ा अंतर आया है। मेरा पूरा परिवार एक साथ बैठकर टीवी पर मुझे खेलते हुए देखता है।”
आईएसपीएल ने इससे पहले भी कई खिलाड़ियों को मुख्यधारा के क्रिकेट तक पहुंचने का अवसर दिया है। अभिषेक दलहोर कोलकाता नाइट राइडर्स के नेट गेंदबाज के रूप में बुलाए जा चुके हैं, जबकि इरफान उमैर को मुंबई की सीनियर राज्य टीम में जगह मिली थी। इन खिलाड़ियों ने भी अपने सफर की शुरुआत आईएसपीएल से की थी।
शेलार ने कहा, “टेनिस क्रिकेट के लिए यह देश का नंबर एक मंच है। यहां से किसी भी खिलाड़ी का सीधे आईपीएल के लिए चयन हो सकता है। यह इतना बड़ा मंच है।” उन्होंने यह भी कहा कि आईएसपीएल खिलाड़ियों की आर्थिक रूप से भी अच्छी देखभाल करता है। इससे उन्हें बेहतर अभ्यास सुविधाएं और प्रशिक्षण का माहौल मिलता है, जो पेशेवर क्रिकेट की चुनौतियों के लिए तैयार होने में मददगार है।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और आईएसपीएल का अगला सत्र अगले महीने शुरू होने वाला है। ऐसे में शेलार के सामने व्यस्त कार्यक्रम है। उनका लक्ष्य अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए पूरा दम लगाना है। आईपीएल में खेलना और भविष्य में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करना उनके दीर्घकालिक लक्ष्य हैं।
शेलार ने कहा, “मेरा पहला लक्ष्य अपनी टीम को जीत दिलाना है। एक गेंदबाज के तौर पर दूसरा लक्ष्य सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार जीतना और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे