दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में आईसीसी आचार संहिता उल्लंघन के दोषी पाए गए तौहिद हृदोय

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
दुबई, 20 नवंबर (हि.स.)। बांग्लादेश के बल्लेबाज तौहिद हृदोय को जोहानिसबर्ग के वांडरर्स में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता के स्तर-1 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है।
इस उल्लंघन के लिए हृदोय पर मैच फीस का 40 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उनके खाते में दो डिमेरिट अंक भी जोड़े गए हैं। उन्होंने आईसीसी खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहयोगी स्टाफ की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.8 का उल्लंघन किया, जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमति जताने से संबंधित है।
यह घटना बुधवार को उस समय हुई, जब खराब रोशनी के कारण खेल रोक दिया गया था। इसके बाद मैदानी अंपायर अहसान रजा और एलेक्स व्हार्फ बांग्लादेश टीम के ड्रेसिंग रूम की बालकनी के पास से गुजर रहे थे।
बांग्लादेशी बल्लेबाज ने खेल पहले नहीं रोकने के अंपायरों के फैसले की आलोचना की। आईसीसी के अनुसार, अंपायरों से बात करने का उनका तरीका आक्रामक और अनुचित था।
हृदोय ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और आईसीसी के एलीट पैनल के मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट की ओर से प्रस्तावित सजा भी स्वीकार कर ली। इसलिए इस मामले में औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।
हृदोय के खिलाफ आरोप मैदानी अंपायर अहसान रजा और एलेक्स व्हार्फ, तीसरे अंपायर आसिफ याकूब तथा चौथे अंपायर लुबाबालो गकुमा ने लगाए थे। 24 महीने की अवधि में यह हृदोय का पहला अपराध है।
आचार संहिता के स्तर-1 के उल्लंघन पर खिलाड़ी को न्यूनतम आधिकारिक चेतावनी दी जा सकती है। वहीं, अधिकतम सजा के तौर पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक दिए जा सकते हैं।
इस बीच, दक्षिण अफ्रीका ने गुरुवार को दूसरी पारी में नौ विकेट शेष रहते 12 रन का मामूली लक्ष्य हासिल कर टेस्ट मैच जीत लिया। इसके साथ ही उसने श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली। पहली पारी में 157 रन से पिछड़ने के बाद बांग्लादेश की टीम दूसरी पारी में भी संघर्ष करती नजर आई और महज 168 रन पर सिमट गई।
दक्षिण अफ्रीका ने दूसरी पारी में अपना सलामी बल्लेबाज मार्क्स एकरमैन पहले ही ओवर में गंवा दिया, लेकिन दूसरे ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में भी पहले स्थान पर पहुंच गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे