Live VNS

टेवेज के विदाई मुकाबले में खेलेंगे लियोनेल मेसी, 20 दिसंबर को खेला जाएगा मुकाबला

टेवेज के विदाई मुकाबले में खेलेंगे लियोनेल मेसी, 20 दिसंबर को खेला जाएगा मुकाबला

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- बोका जूनियर्स के ला बोम्बोनेरा स्टेडियम में 20 दिसंबर को होगा मुकाबला, कई दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी भी लेंगे हिस्सा

नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। लियोनेल मेसी अर्जेंटीना के अपने पूर्व साथी खिलाड़ी कार्लोस टेवेज के सम्मान में आयोजित विदाई मुकाबले में हिस्सा लेंगे। आयोजकों ने इसकी पुष्टि की है कि यह मुकाबला 20 दिसंबर को खेला जाएगा।

‘अपाचे’ के नाम से मशहूर टेवेज ने 2022 में फुटबॉल से संन्यास ले लिया था। उनके करियर में मैनचेस्टर सिटी, मैनचेस्टर यूनाइटेड और युवेंटस जैसे बड़े क्लबों के साथ खेलने का अनुभव शामिल रहा।

42 वर्षीय टेवेज ने अपने बचपन के क्लब बोका जूनियर्स के साथ करियर समाप्त किया था। उन्होंने पिछले साल इच्छा जताई थी कि उनके विदाई मुकाबले में मेसी और मैनचेस्टर यूनाइटेड के उनके पूर्व साथी क्रिस्टियानो रोनाल्डो आमने-सामने की टीमों में खेलें।

आयोजकों ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर लिखा, अपाचे के आखिरी मुकाबले में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का स्वागत करना हमारे लिए सच्चा सम्मान होगा।

इस मुकाबले के लिए रियो फर्डिनेंड, सर्जियो अगुएरो, लिएंड्रो परेदेस, जियानलुइजी बुफोन और मार्टिन पालेरमो सहित कई अन्य खिलाड़ियों के नामों की भी पुष्टि की गई है। यह मैच बोका जूनियर्स के ला बोम्बोनेरा स्टेडियम में खेला जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…