Live VNS

श्रीनगर और पहलगाम में दर्ज की गई इस मौसम की सबसे ठंडी रात, पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

श्रीनगर, 24 नवंबर(हि.स.)l कश्मीर में ठंड का प्रकोप और बढ़ गया है। श्रीनगर और पहलगाम में इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई जहाँ रात के तापमान में कल की तुलना में भारी गिरावट आई है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह कल के माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस (जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान था) से काफी नीचे है।

ग्रीष्मकालीन राजधानी में रात का तापमान अब सामान्य से 1.3 डिग्री नीचे है।

प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसने 17 नवंबर और कल दर्ज किए गए इस सीजन के पिछले सबसे कम तापमान (माइनस 3.8 डिग्री सेल्सियस) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यहाँ का तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री नीचे है। काजीगुंड में भी तापमान और गिरा है यहाँ कल के माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले माइनस 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं कोकरनाग में कल के 1.5 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले माइनस 0.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। हालाँकि कुपवाड़ा में थोड़ी राहत देखी गई जहाँ कल के माइनस 1.4 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले तापमान माइनस 1.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

कश्मीर में गुलमर्ग एकमात्र ऐसी जगह रही जहाँ तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई यहाँ न्यूनतम तापमान कल के माइनस 2.0 डिग्री सेल्सियस से सुधरकर 0.2 डिग्री सेल्सियस हो गया।

जम्मू संभाग में जम्मू-शहर में न्यूनतम तापमान कल के 10.9 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि भद्रवाह में कल के 1.9 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…