विपक्ष की आवाज दबाकर सामान्य सभा को महापौर ने बनाया अपनी मनमानी का मंच : राजेश चौधरी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जगदलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। निगम के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा किनगर निगम की गुरूवार काे आयोजित सामान्य सभा में एक बार फिर महापौर संजय पांडे, स्पीकर खेम सिंह देवांगन और निगम आयुक्त ने लोकतांत्रिक मंच का लगातार दुरुपयोग करते हुए विपक्ष के जनहित से जुड़े सवालों को सदन के पटल पर रखने से रोकना, प्रश्नों पर चर्चा का अवसर नहीं देना और बहुमत की आड़ में मनमाने प्रस्तावों को पारित करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि आज की सामान्य सभा में स्पीकर खेम सिंह देवांगन ने सदन संचालन के नियमों का हवाला तो दिया, लेकिन स्वयं नियमों का पालन सुनिश्चित नहीं कर पाए। महापौर, स्पीकर और निगम आयुक्त मिलकर सदन की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर कर रहे हैं। विपक्षी पार्षदों के सवालों को लगातार नजर अंदाज करना, उनकी बात काटना और जनता की समस्याओं को सदन में उठाने से रोकना सत्ता पक्ष की तानाशाही मानसिकता को दर्शाता है। सामान्य सभा किसी महापौर या सत्ता पक्ष की निजी बैठक नहीं, बल्कि शहर की जनता के मुद्दों पर चर्चा और समाधान का सर्वोच्च मंच है।
नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि आज की सामान्य सभा में विपक्ष शहर की जनता से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण और गंभीर मुद्दे उठाने की तैयारी करके पहुंचा था। वार्डों में लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट और बिजली व्यवस्था को लेकर अनुकूल देव वार्ड की पार्षद सुशीला बघेल सवाल करने वाली थीं। बारिश के दौरान शहर में जलभराव, नालियों-पुलियों की समस्या, बीमारियों के फैलने का खतरा, वाटर सप्लाई चैंबर और पेयजल व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर मदन मोहन मालवीय वार्ड के पार्षद सूर्यापानी सवाल उठाने वाले थे। शहर के गरीब और जरूरतमंद परिवारों को राशन कार्ड नहीं मिलने, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन के हितग्राहियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर रविंद्रनाथ टैगोर वार्ड की पार्षद जया नाग सदन में सवाल करने वाली थीं।
वर्षों से कार्य अधूरे छोड़ने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने का वादा महापौर ने स्वयं सदन में किया था, लेकिन उस पर कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं है! इस विषय पर मदर टेरेसा वार्ड के पार्षद शुभम यदू सवाल उठाने वाले थे।आंगनबाड़ी केंद्रों की बदहाल स्थिति, बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं में कमी, नए आंगनबाड़ी भवनों की आवश्यकता और पूर्व सामान्य सभाओं में इन समस्याओं पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने को लेकर गांधीनगर वार्ड की पार्षद मनप्रीत कौर सदन में अपनी बात रखने वाली थीं।
वहीं अब्दुल कलाम वार्ड की पार्षद अफरोज बेगम अपने वार्ड के लिए स्वीकृत सामुदायिक भवन और विकास कार्यों की राशि को महापौर परिषद द्वारा दूसरे वार्डों में खर्च किए जाने के मामले पर सवाल उठाने वाली थीं।शांति नगर वार्ड की पार्षद जस्टिन भवानी हाल ही में शराब दुकान के सामने हुई हत्या की घटना और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सदन में सवाल उठाने वाली थीं।
दलपत सागर की बदहाल स्थिति, उसके संरक्षण, सफाई और शहर के बाढ़ प्रभावित परिवारों की समस्याओं को लेकर पार्षद जाहिद हुसैन एवं गौतम पाणिग्रही चर्चा करना चाहते थे।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विपक्ष इन सभी मुद्दों को पूरी तैयारी के साथ सदन में लेकर आया था, ताकि सामान्य सभा में स्वस्थ, सार्थक और जवाबदेह चर्चा हो सके तथा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निगम प्रशासन को बाध्य किया जा सके। लेकिन महापौर और स्पीकर ने रणनीतिक तरीके से जनहित के सवालों को सदन में उठने ही नहीं दिया। यह केवल विपक्ष के पार्षदों के साथ अन्याय नहीं, बल्कि उन हजारों नागरिकों के साथ धोखा है, जिन्होंने अपने प्रतिनिधियों को समस्याओं के समाधान के लिए चुना है।
आज रविंद्रनाथ टैगोर वार्ड की महिला पार्षद सदन में अपनी बात रख रही थीं। स्पीकर खेम सिंह देवांगन ने आश्वासन दिया कि उनके प्रश्न के बाद अगला प्रश्न लिया जाएगा, लेकिन जैसे ही सत्ता पक्ष से संबंधित विषय समाप्त हुआ, महापौर के इशारे पर सामान्य सभा को जन गण मन के साथ समाप्त कर दिया गया। महिला पार्षद को अपनी बात पूरी रखने का अवसर तक नहीं दिया गया। सदन में महिला जनप्रतिनिधियों को बोलने से रोकना और उनके वार्डों की समस्याओं को सुनने से बचना महिला जनप्रतिनिधियों के सम्मान और अधिकारों का अपमान है। यह आचरण बेहद निंदनीय है।
उनहाेने कहा कि यदि सदन में विपक्ष के पार्षदों को बोलने का अवसर नहीं दिया जाएगा, जनहित के मुद्दों को दबाया जाएगा और जनता की समस्याओं पर चर्चा से बचा जाएगा, तो विपक्ष चुप नहीं बैठेगा। नगर निगम के भीतर जनता की आवाज दबाई जा रही है, इसलिए अब जनता के बीच जाकर सड़क पर इस लड़ाई को लड़ा जाएगा।
राजेश चौधरी ने चेतावनी दी है कि जनता के अधिकारों,शहर के विकास,पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए कांग्रेस पार्षद दल जल्द ही सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा। महापौर,स्पीकर और निगम प्रशासन को शहर की जनता के सवालों का जवाब देना होगा। सदन में आवाज दबाने से जनहित के मुद्दे समाप्त नहीं होंगे, बल्कि यह लड़ाई अब और भी मजबूती से जनता के बीच लड़ी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे