Live VNS

शेयर बाजार में तेजी के सिलसिले पर लगा ब्रेक, निवेशकोें को लगी 3.36 लाख करोड़ की चपत

शेयर बाजार में तेजी के सिलसिले पर लगा ब्रेक, निवेशकोें को लगी 3.36 लाख करोड़ की चपत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन आज जोरदार गिरावट देखने को मिली। ग्लोबल मार्केट से मिले कमजोर संकेतों, कच्चे तेल की कीमत में आई तेजी और खुदरा महंगाई के ऊंचे आंकड़ों के कारण बाजार पर दिनभर दबाव बना रहा। कारोबारी सत्र की समाप्ति पर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 0.39 प्रतिशत और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 सूचकांक 0.61 प्रतिशत की कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुए।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज कमजोर संकेतों के बीच 77.23 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81,833.78 अंक के स्तर पर खुला था। बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाया, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से पहले डेढ़ घंटे के कारोबार में सेंसेक्स सुधर कर 81,879.51 अंक के स्तर तक पहुंचा। इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली शुरू हो गई, जिससे इस सूचकांक की चाल में दोबारा गिरावट आ गई।

लगातार जारी बिकवाली के कारण ये सूचकांक 622.26 अंक यानी 0.76 प्रतिशत फिसल कर 81,288.75 अंक के स्तर तक गिर गया। कारोबार के आखिरी घंटे में खरीदारों ने एक बार फिर जोर लगाया, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होता हुआ नजर आया। पूरे दिन के कारोबार के दौरान बैंकिंग, ऑटोमोबाइल और मेटल क्षेत्र के दिग्गज शेयरों में बिकवाली हावी रही। दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 303.70 अंक रिकवर कर 318.56 अंक यानी 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81,592.45 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की ही तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी 50 ने भी आज 89.50 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,209.85 अंक के स्तर से अपने कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद खरीदारी शुरू हो जाने पर इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी 50 सूचकांक उछल कर 25,246.35 अंक के स्तर तक पहुंचा। इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली शुरू हो गई, जिससे यह सूचकांक नीचे लुढ़कता चला गया।

बिकवाली के दबाव में निफ्टी 50 सूचकांक 244.95 अंक यानी 0.97 प्रतिशत टूट कर 25,054.40 अंक के स्तर तक आ गया। कारोबार के आखिरी घंटे में खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिससे इस सूचकांक की चाल में थोड़ा सुधार भी हुआ। निचले स्तर पर हुई खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी 50 सूचकांक दिन के निचले स्तर से 89.90 अंक सुधर कर कुल 155.05 अंक यानी 0.61 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,144.30 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेक्टोरल फ्रंट पर आज चौतरफा बिकवाली का दबाव दिखता रहा। ऑटो, मेटल और रियल्टी क्षेत्र के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी ऑटो इंडेक्स 1.07 प्रतिशत, बीएसई मेटल्स 0.93 प्रतिशत और निफ्टी पीएसई 0.87 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए। इसके अलावा निफ्टी बैंक 0.79 प्रतिशत, बीएसई ऑयल एंड गैस 0.76 प्रतिशत और निफ्टी आईटी 0.72 प्रतिशत गिरकर बंद हुए। दूसरी ओर, केवल बीएसई कैपिटल गुड्स सूचकांक ही 0.68 प्रतिशत की बढ़त के साथ हरे निशान में टिके रहने में सफल रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स 0.24 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप 100 इंडेक्स ने 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में तीन लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी आ गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 510.19 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 513.55 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 3.36 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,672 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,965 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,462 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 245 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,331 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,217 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,114 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 7 शेयर बढ़त के साथ और 23 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 9 शेयर हरे निशान में, 40 शेयर लाल निशान में और एक शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए।

आज के गिरावट भरे बाजार में भी निफ्टी के टॉप गेनर्स की सूची में आयशर मोटर्स 1.34 प्रतिशत की बढ़त के साथ 7,650 रुपये के भाव पर बंद होकर सबसे आगे रहा। इसके बाद हिंदुस्तान यूनिलीवर 0.96 प्रतिशत उछल कर 1,992.90 रुपये, बीएसई लिमिटेड 0.73 प्रतिशत की तेजी के साथ 3,937.70 रुपये, एशियन पेंट्स 0.53 प्रतिशत की मजबूती के साथ 2,550 रुपये और भारती एयरटेल 0.48 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,106 रुपये के स्तर पर बंद होकर टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए।

दूसरी ओर, बिकवाली के भारी दबाव में फंसे निफ्टी के टॉप लूजर्स में श्रीराम फाइनेंस 3.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ 970 रुपये के भाव पर बंद होकर सबसे आगे रहा। इसके साथ ही टीएमपीवी 3.31 प्रतिशत टूट कर 287.40 रुपये, ग्रासिम इंडस्ट्रीज 2.60 प्रतिशत की कमजोरी दिखाते हुए 3,034 रुपये, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 2.12 प्रतिशत की मंदी के साथ 943.60 रुपये और अदाणी एंटरप्राइजेज 1.95 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,688 रुपये के स्तर पर आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में बंद हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…