Live VNS

जोरदार तेजी के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों ने एक दिन में की 4.36 लाख करोड़ की कमाई

जोरदार तेजी के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों ने एक दिन में की 4.36 लाख करोड़ की कमाई

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज जोरदार खरीदारी और के सपोर्ट से दिन में ज्यादातर समय जबरदस्त तेजी का माहौल बना रहा। आज के कारोबार की मिली-जुली शुरुआत हुई थी। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव भी बन गया। हालांकि पहले 15 पंद्रह मिनट के बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों सूचकांक रिकवर कर हरे निशान में पहुंच गए।

इस खरीदारी के सपोर्ट से सुबह की शुरुआती कमजोरी से उबरते हुए बाजार ने पहले घंटे के कारोबार में ही रफ्तार पकड़ ली, जो लगभग पूरे दिन कायम रही। आज के कारोबार में ऑटोमोबाइल, बैंकिंग और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के दिग्गज शेयरों में हुई ताबड़तोड़ लिवाली ने दोनों प्रमुख सूचकांकों को 10 महीने के ऊपरी स्तर पर पहुंचा दिया।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स आज पिछले बंद भाव 82,031.81 अंक के मुकाबले 42.35 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 82,074.16 अंक के स्तर पर खुला था। शुरुआती मिनटों में बिकवाली बढ़ने से यह सूचकांक 333.18 अंक यानी 0.41 प्रतिशत फिसल कर 81,698.63 अंक के निचले स्तर तक चला गया था। हालांकि, बाद में खरीदारों के हावी होने से सेंसेक्स ने शानदार वापसी की और थोड़ी देर में ही हरे निशान में जगह बनाने में सफल हो गया।

लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से इस सूचकांक की चाल लगातार तेज होती गई। दिन के कारोबार में मुनाफा वसूली के चक्कर में यदा-कदा बिकवाली का झटका भी लगता रहा, इसके बावजूद इस सूचकांक के तेजी बनी रही। खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक निचले स्तर से 1,345.24 अंक की छलांग लगा कर 83 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया। आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक 1,012.06 अंक यानी 1.23 प्रतिशत की तेजी के साथ 83,043.87 अंक के स्तर तक पहुंच गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स कुल 989.94 अंक यानी 1.21 प्रतिशत की शानदार मजबूती के साथ 83,021.75 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी 50 सूचकांक में भी आज बेहतरीन तेजी देखने को मिली। निफ्टी 50 आज पिछले बंद भाव 25,227.95 अंक की तुलना में 41.15 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,186.80 अंक के स्तर पर खुला था। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण ये सूचकांक 123.15 अंक यानी 0.49 प्रतिशत टूट कर एक समय 25,104.80 अंक तक फिसल गया था। हालांकि पहले 15 मिनट के कारोबार के बाद ही निचले स्तर पर खरीदारी शुरू हो जाने से इस सूचकांक ने जल्दी ही हरे निशान में अपनी जगह बना ली।

दिन के कारोबार में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवालों ने कई बार दबाव बनाने की भी कोशिश की लेकिन खरीदारी का जोर इतना ज्यादा था कि बिकवालों की कोई भी कोशिश सफल नहीं हो सकी। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी 50 आज 25,500 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर को भी आसानी से पार कर गया। बाजार में बने पॉजिटिव माहौल में यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 409.50 अंक की उछाल लगा कर 286.35 अंक यानी 1.14 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,514.30 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

इस जोरदार उछाल के कारण बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैपिटलाइजेशन में भी आज इजाफा दर्ज किया गया। आज की इस मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में चार लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 512.01 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 507.65 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 4.36 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,630 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,410 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,983 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 237 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,300 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,790 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान और 1,510 शेयर नुकसान उठाकर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 5 शेयर बढ़त के साथ और 25 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 42 शेयर हरे निशान में और 8 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

सेक्टोरल फ्रंट पर आज ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों ने बाजार की तेजी का नेतृत्व किया। निफ्टी ऑटो इंडेक्स 4.40 प्रतिशत की तूफानी तेजी के साथ बंद हुआ। इसके अलावा बीएसई कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 2.28 प्रतिशत, बीएसई एफएमसीजी 1.89 प्रतिशत, बीएसई कैपिटल गुड्स 1.77 प्रतिशत और निफ्टी बैंक 1.65 प्रतिशत की मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, केवल निफ्टी आईटी सूचकांक ही 1.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी का जोर बना रहा, जिसके कारण निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 1.06 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.71 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज के तेजी भरे बाजार में निफ्टी के टॉप 5 गेनर्स की सूची में मारुति सुजुकी इंडिया 7.58 प्रतिशत की जोरदार छलांग लगाकर 13,589 रुपये के भाव पर बंद होकर सबसे आगे रहा। इसके बाद आयशर मोटर्स 4.66 प्रतिशत उछलकर 8,058.50 रुपये, महिंद्रा एंड महिंद्रा 4.46 प्रतिशत की तेजी के साथ 3,509 रुपये, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स 4.34 प्रतिशत की मजबूती के साथ 263.50 रुपये और हिंदुस्तान यूनिलीवर 4.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,074.20 रुपये के स्तर पर बंद होकर टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए।

दूसरी ओर, बिकवाली के दबाव में फंसे निफ्टी के टॉप 5 लूजर्स में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज 1.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,342.70 रुपये के भाव पर बंद होकर सबसे आगे रहा। इसके साथ ही टेक महिंद्रा 1.54 प्रतिशत टूट कर 1,723 रुपये, इंफोसिस 1.52 प्रतिशत की कमजोरी दिखाते हुए 1,091.90 रुपये, अपोलो हॉस्पिटल्स 0.94 प्रतिशत की मंदी के साथ 8,738 रुपये और एचसीएल टेक्नोलॉजीज 0.88 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,332.90 रुपये के स्तर पर आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में बंद हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…