शुरुआती कारोबार में निचले स्तर से लिवाली होने से संभला शेयर बाजार, रिकवरी मोड में सेंसेक्स और निफ्टी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान जोरदार गिरावट का माहौल बना हुआ है। ग्लोबल मार्केट से मिले मिले-जुले संकेतों, कच्चे तेल की कीमत में आए उछाल और अक्टूबर की खुदरा महंगाई दर के 6 प्रतिशत के स्तर को पार कर जाने के कारण बाजार पर चौतरफा दबाव देखा जा रहा है। आज बाजार खुलते ही बिकवाल पूरी तरह हावी हो गए, जिसके चलते सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों प्रमुख सूचकांकों ने अपनी पिछले तीन दिनों की तेजी पर ब्रेक लगा दिया। हालांकि बाजार खुलने के कुछ देर बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाया, जिससे इन दोनों सूचकांकों की चाल में सुधार होने लगा। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.17 प्रतिशत और निफ्ट 50 सूचकांक 0.35 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज कमजोर संकेतों के बीच 77.23 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81,833.78 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बैंकिंग, ऑटोमोबाइल और वित्तीय सेवा क्षेत्र के दिग्गज शेयरों में भारी बिकवाली का दौर शुरू हो गया। शुरुआती मिनटों के कारोबार में यह सूचकांक एक समय 580 अंक से अधिक टूट कर 81,300.46 अंक के स्तर तक गिर गया। हालांकि, बाद में फार्मा और आईटी शेयरों से मिले हल्के सहारे के कारण यह सूचकांक निचले स्तर से रिकवर करने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 142.39 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 81,768.62 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की ही तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी 50 ने भी आज 89.50 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,209.85 अंक के स्तर से अपने कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही चौतरफा बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक फिसलकर 25,100 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे 25,077.55 अंक तक चला गया था। हालांकि, निचले स्तर पर खरीदारों के एक्टिव हो जाने के कारण इस सूचकांक में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 50 सूचकांक 87.50 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,211.85 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेक्टोरल फ्रंट पर आज फार्मा, हेल्थकेयर, कैपिटल गुड्स और आईटी सेक्टर के शेयरों में मजबूती का रुख बना हुआ है, जिससे बाजार को निचले स्तर पर सहारा मिल रहा है। दूसरी ओर, बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, मेटल और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयरों में मुनाफा वसूली का दबाव हावी है, जिसके चलते इन सेक्टर्स के इंडेक्स लाल निशान में कारोबार करते हुए नजर आ रहे हैं।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,874 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,167 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,707 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 10 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 20 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 12 शेयर हरे निशान में और 38 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
आज सुबह के शुरुआती कारोबारी सत्र में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर दिग्गज कंपनियों में से टॉप गेनर्स की सूची में सन फार्मास्युटिकल्स 1.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,910 रुपये के भाव पर सबसे आगे बना हुआ था। इसके अलावा अपोलो हॉस्पिटल्स 1.25 प्रतिशत उछलकर 8,621.50 रुपये, डॉ रेड्डीज लैबोरेटरीज 1.02 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,400.80 रुपये, ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन 0.91 प्रतिशत की मजबूती के साथ 226.55 रुपये और एचसीएल टेक्नोलॉजीज 0.84 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,392.40 रुपये के स्तर पर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।
दूसरी ओर, बाजार में बिकवाली के दबाव में फंसे टॉप लूजर्स में श्रीराम फाइनेंस 2.17 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 982 रुपये के भाव पर सबसे आगे चल रहा था। इसके साथ ही एचडीएफसी बैंक 1.43 प्रतिशत टूटकर 800.70 रुपये, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 1.25 प्रतिशत की गिरावट दिखाते हुए 1,796.70 रुपये, टाइटन कंपनी 1.24 प्रतिशत की मंदी के साथ 4,860.70 रुपये और एक्सिस बैंक 1.09 प्रतिशत की सुस्ती के साथ 1,328.20 रुपये के स्तर पर लाल निशान में बने हुए थे।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 31.61 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की मामूली मजबूती के साथ 81,911.01 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 44.30 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की उछाल के साथ 25,299.35 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक