Live VNS

संकरी गली में इतने अपार्टमेंट कैसे बने, अग्निकांड के दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई : प्रमिला पांडेय

संकरी गली में इतने अपार्टमेंट कैसे बने, अग्निकांड के दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई : प्रमिला पांडेय

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कानपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में फीलखाना क्षेत्र के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में हुए अग्निकांड के बाद मंगलवार को महापौर प्रमिला पांडे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले किशोर के पिता अनिल बाथम समेत अन्य पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। महापौर ने अपार्टमेंट तक पहुंचने वाली संकरी गली और वहां बने कई अपार्टमेंटों को देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए और स्पष्ट किया कि हादसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि राधिका अपार्टमेंट तक पहुंचने का रास्ता बेहद संकरा है। इसके बावजूद इस गली में कई अपार्टमेंटों का निर्माण होना गंभीर सवाल खड़े करता है। ऐसे में यह जांच का विषय है कि इतने संकरे रास्ते पर बहुमंजिला इमारतों के निर्माण की अनुमति कैसे दी गई।

उन्होंने कहा कि इस तरह की इमारतों में आग लगने जैसी आपात स्थिति में दमकल और राहत-बचाव दल को पहुंचने में परेशानी हो सकती है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने आज ही पूरे मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। जांच में निर्माण से लेकर संबंधित विभागों की भूमिका और लापरवाही के बिंदुओं को भी देखा जाएगा। महापौर ने कहा कि घटना में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।

वहीं, अग्निकांड में जान गंवाने वाले किशोर के पिता अनिल बाथम ने हादसे के लिए कानपुर विकास प्राधिकरण और बिल्डर को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि इस पूरी घटना की जिम्मेदारी केडीए और बिल्डर की है। यदि निर्माण के दौरान नियमों का पालन कराया गया होता और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम होते तो शायद यह हादसा नहीं होता। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कही।

महापौर ने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि हादसे के कारणों की जांच कराई जाएगी और लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदारी तय करना जरूरी है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…