Live VNS

राजद और आइसा ने किया विरोध प्रदर्शन

राजद और आइसा ने किया विरोध प्रदर्शन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

भागलपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर मनोविज्ञान विभाग में आयोजित होने वाले दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन से पहले शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर में छात्र संगठनों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रमुख अरुण सिंह के शामिल होने की सूचना पर छात्र राजद और आइसा के कार्यकर्ताओं ने कड़ी आपत्ति जतायी।

जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर से शुरू हो रहे इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में आरएसएस पदाधिकारी की प्रस्तावित मौजूदगी की खबर मिलते ही छात्र राजद और आइसा के कार्यकर्ता विश्वविद्यालय परिसर स्थित करियर गाइडेंस सेंटर के बाहर एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारी छात्रों ने हाथों में तख्तियां लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तख्तियों पर विश्वविद्यालय को आरएसएस का चारागाह बनाना बंद करो जैसे नारे लिखे हुए थे। गौरतलब है कि 'भारतीय ज्ञान परंपरा और सतत विकास लक्ष्य' विषय पर आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को लेकर विवाद पहले से ही चल रहा था। इससे पूर्व भी कुछ छात्र संगठनों ने इस आयोजन में आरएसएस की आनुषंगिक इकाई 'शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास' की सहभागिता पर आपत्ति जताते हुए इसे शैक्षणिक आयोजन से अलग रखने की मांग की थी। छात्र संगठनों के उग्र प्रदर्शन और नारेबाजी को देखते हुए परिसर में माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। इस प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय परिसर में इस बात को लेकर बहस तेज हो गई है कि शैक्षणिक मंचों पर वैचारिक या राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया जाना कितना उचित है। फिलहाल इस पूरे मामले पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…