रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स के प्रति किया जागरूक

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कठुआ, 17 नवंबर (हि.स.)। राजकीय डिग्री कॉलेज मढ़हीन के रेड रिबन क्लब की ओर से एचआईवी/एड्स के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने तथा जनस्वास्थ्य जागरूकता अभियानों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अनुपमा गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रंगों और आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से एचआईवी संक्रमण की रोकथाम, उपचार, नियमित जांच, संक्रमित लोगों के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक समावेश का संदेश दिया। कई प्रतिभागियों ने अपनी रंगोलियों में रेड रिबन के वैश्विक प्रतीक को भी प्रदर्शित कर एचआईवी से प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता और समर्थन व्यक्त किया। प्रतियोगिता में सात समूहों ने हिस्सा लिया, जिनमें प्रत्येक समूह में दो विद्यार्थी शामिल थे। परिणामों में समूह 6 की खुशबू और अनामिका ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि समूह 4 की मन्नत और पायल दूसरे तथा समूह 7 की दीक्षाशा और अंजलि तीसरे स्थान पर रहीं। कार्यक्रम का समन्वय रेड रिबन क्लब के संयोजक रोशन लाल शर्मा ने किया। प्रतियोगिता का निर्णायक मंडल डॉ. अरुण देव सिंह, प्रो. अनूप शर्मा और डॉ. मुनीषा देवी पर आधारित था। इस अवसर पर प्रो. नरेश कुमार और प्रो. सुमन भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया