रविवार को उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में 4.24 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जयपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। जयपुर जिले में रविवार को उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस (एसएनआईडी) का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत जिले में 0 से 5 वर्ष तक के 4 लाख 24 हजार 691 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले में 2647 टीकाकरण बूथ बनाए गए हैं।
कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र गोयल ने बताया कि अभियान के तहत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सभी बूथों पर प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी, एएनएम, आशा सहयोगिनी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तैनात रहेंगे। बूथ दिवस के बाद आगामी दिनों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की खुराक से वंचित बच्चों को दवा पिलाएंगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी टीकाकरण बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसकी प्रभावी निगरानी के लिए जिला स्तरीय अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करेंगे।
आरसीएचओ डॉ. प्रमिला मीणा ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में व्यापक स्तर पर मानव संसाधन तैनात किया गया है। इसके तहत 14 हजार 546 वैक्सीनेटर और 816 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा 153 ट्रांजिट टीमें और 635 मोबाइल टीमें भी अभियान में कार्य करेंगी। इस प्रकार कुल 15 हजार 362 कार्मिक अभियान में अपनी सेवाएं देंगे।
उन्होंने बताया कि बूथ दिवस के बाद मोबाइल टीमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर टीकाकरण से वंचित नौनिहालों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो रोधी दवा से वंचित नहीं रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश