Live VNS

सुकमा के जंगल में भारी मात्रा में नक्सली हथियार और विस्फोटक बरामद

सुकमा के जंगल में भारी मात्रा में नक्सली हथियार और विस्फोटक बरामद

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिले इनपुट पर संयुक्त सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई

सुकमा, 25 नवंबर (हि.स.)। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुकमा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के चिंतलनार थाना क्षेत्र के गुण्डराजगुड़ेम-रासापल्ली के दुर्गम पहाड़ी जंगलों में सुरक्षा बलों ने बुधवार को नक्सलियों के गुप्त हथियार डम्प का पर्दाफाश किया है।

सर्चिंग अभियान के दौरान जवानों ने 8 देशी हथियार, 229 जिंदा कारतूस, टिफिन आईईडी, हैंड ग्रेनेड, डेटोनेटर सहित भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और नक्सली उपयोग का सामान बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिले महत्वपूर्ण खुफिया इनपुट के आधार पर 25 नवंबर को चिंतलनार थाना क्षेत्र के गुण्डराजगुड़ेम एवं रासापल्ली के दुर्गम जंगलों में सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया। जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने इलाके की सघन तलाशी ली। इसी दौरान रासापल्ली के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटकों का डम्प मिला।

8 हथियार और 229 जिंदा कारतूस बरामद

तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने 2 सिंगल शॉट राइफल और 6 भरमार बंदूक सहित कुल 8 देशी हथियार बरामद किए। इसके अलावा एके-47 के 98, एसएलआर के 49, इंसास के 35, .303 के 30, 9 एमएम के 13 और 12 बोर के 4 कारतूस समेत कुल 229 जिंदा कारतूस जब्त किए गए।

टिफिन आईईडी और हैंड ग्रेनेड भी मिल

गुप्त डम्प से 10 से 12 किलोग्राम वजन का एक टिफिन आईईडी (वायर रहित अवस्था में), 3 हैंड ग्रेनेड, 4 देशी तीर बम, 10 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, बीजीएल के 5 सेल और 11 कारतूस भी बरामद किए गए। इसके साथ ही विभिन्न हथियारों की मैगजीन, वायरलेस सेट, लगभग 50 मीटर कोडेक्स वायर, 100 मीटर इलेक्ट्रिक वायर, 5 किलो गन पाउडर और रिमोट रिसीवर भी मिला है।

वर्दी, बैग और नक्सली साहित्य जब्त

हथियारों और विस्फोटकों के अलावा डम्प से 15 जोड़ी नक्सली काली वर्दी, लगभग 15 मीटर कॉम्बैट वर्दी का कपड़ा, 4 पिट्ठू बैग, 3 नीले ड्रम, बैटरियां, वायरलेस चार्जर, मैगजीन पाउच, दवाइयां और नक्सली साहित्य भी बरामद किया गया है।

पुलिस ने सभी बरामद सामग्रियों को सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत दुर्गम जंगलों में छिपाए गए हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटकों की तलाश लगातार जारी रहेगी। आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिल रही खुफिया सूचनाओं के आधार पर सुरक्षा बल ऐसे गुप्त ठिकानों को चिन्हित कर लगातार कार्रवाई कर रहे हैं।

इस कार्रवाई को नक्सलियों के गुप्त हथियार भंडारण नेटवर्क पर सुरक्षा बलों की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहन ठाकुर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…