सुपौल में मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित, 15.61 लाख मतदाताओं के नाम शामिल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सुपौल, 12 नवंबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 की प्रक्रिया शुरू हो गई है। गुरुवार 12 नवंबर को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन की जानकारी दी गई।
जारी प्रारूप के अनुसार जिले की पांच विधानसभा सीटों में कुल 15,61,457 मतदाता हैं। इनमें 8,18,978 पुरुष, 7,42,464 महिला और 15 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार 41-निर्मली में 3,08,187, 42-पिपरा में 3,09,124, 43-सुपौल में 2,97,228, 44-त्रिवेणीगंज में 3,08,498 और 45-छातापुर में 3,38,420 मतदाता दर्ज हैं।
प्रारूप सूची के अनुसार जिले में 18-19 वर्ष आयु वर्ग के 5,951 नए मतदाता भी शामिल हैं। इनमें 3,588 पुरुष और 2,363 महिला मतदाता हैं। वहीं सेवा मतदाताओं की कुल संख्या 1,465 है।
मतदाता सूची पर दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निष्पादन 28 दिसंबर को किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।विशेष अभियान दिवस 21-22 नवंबर तथा 5-6 दिसंबर को आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों मतदान केंद्र स्तर पर पदाधिकारी मतदाताओं से दावा एवं आपत्ति प्राप्त करेंगे। पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन लिया जाएगा। इसमें ऐसे नागरिक भी आवेदन कर सकते हैं, जिनका अभी तक मतदाता के रूप में पंजीकरण नहीं हुआ है या जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर पात्र होंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदाताओं की सहायता के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय और विधानसभा स्तर पर मतदाता सहायता केंद्र संचालित रहेंगे। राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों को भी प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन कर आवश्यक सुधार की पहचान करने को कहा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र