Live VNS

सुपौल सांसद ने अररिया डीएम से बीड़ी पुल की डिजाइन और निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने का दिया निर्देश

सुपौल सांसद ने अररिया डीएम से बीड़ी पुल की डिजाइन और निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने का दिया निर्देश

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

अररिया 24 नवम्बर(हि.स.)।

मदनपुर-बरदाहा सड़क पर बने बीड़ी पुल पर पिछले दिनों हुए भीषण हादसे मामले में सुपौल के सांसद दिलेश्वर कामेत ने अररिया डीएम से बीड़ी पुल के डिजाइन और निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराए जाने की मांग की।उन्होंने डीएम को फोन कर सुपौल जिले के थूमहा गांव के छह युवाओं की मौत के बाद पुल निर्माण को लेकर उठ रहे सवाल पर जांच कराने की मांग की।सुपौल सांसद के फोन के बाद अब पुल निर्माण से जुड़े इंजीनियर और संवेदक की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पुल के अजीबोगरीब डिजाइन और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच प्रशासन ने भी जांच और कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

सांसद ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए डीएम से पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य जरूरी दस्तावेज जल्द उपलब्ध कराने का आग्रह किया। साथ ही पुल के डिजाइन और निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग की। इस पर डीएम विनोद दूहन ने स्पष्ट कहा कि संबंधित विभाग से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है। यदि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हुआ है अथवा प्राक्कलन और तकनीकी निर्देशों के विपरीत काम किया गया है तो संबंधित इंजीनियर और संवेदक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

वहीं कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता रजनीश कुमार ने बताया कि करीब एक महीने पहले ही इस सड़क के लिए टेंडर और एग्रीमेंट की प्रक्रिया पूरी हुई है। इससे पहले यह सड़क उनके विभाग के जिम्मे नहीं थी। उन्होंने बताया कि पुल के दोनों तरफ दो-दो ब्रेकर बनाए जाएंगे, ताकि वाहनों की रफ्तार नियंत्रित हो सके। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में रेलिंग और रिफ्लेक्टर लगाए जाएंगे।

उल्लेखनीय हो कि बुधवार की रात सिकटी प्रखंड के भपटिया गांव में संजय नंदन विश्वास के घर से लड़के का छेका कर सुपौल जिले के लड़की पक्ष के लोग स्कॉर्पियो से लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे बीड़ी पुल के पास स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे पानी में जा गिरी। हादसे में चालक समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक को स्थानीय लोगों ने किसी तरह बचाया था।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…