बंशीपुर में अवैध रेत परिवहन करते दो टिपर जब्त, 14 घन मीटर रेत के साथ वाहन पुलिस के सुपुर्द

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सूरजपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग, राजस्व अमले और जिला स्तरीय टास्क फोर्स ने बंशीपुर के आसपास कार्रवाई करते हुए दो टिपर वाहनों को जब्त किया है। दोनों वाहनों में कुल 14 घन मीटर अवैध रेत का परिवहन किया जा रहा था।
विभागीय टीम ने 24 नवंबर को जांच के दौरान दोनों वाहनों को पकड़ा। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जब्त टिपरों को भटगांव थाने के सुपुर्द कर दिया गया है। खनिज विभाग के अनुसार जिले में पत्थर, गिट्टी, मुरूम, मिट्टी, ईंट और रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में मशीनरी और वाहनों को जब्त कर प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं तथा नियमानुसार अर्थदंड भी वसूला जा रहा है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध जांच एवं कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय