Live VNS

सूरजपुर में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीद, 2541 नए किसानों ने कराया पंजीयन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

सूरजपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीद 15 नवंबर से शुरू होगी। इस वर्ष जिले के 68 हजार 531 किसानों ने धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2541 अधिक है। किसानों की सुविधा के लिए जिले में 60 धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें छह नए केंद्र भी शामिल हैं। खरीदी की आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

पिछले खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले के 65 हजार 990 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया था। इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 68 हजार 531 हो गई है। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में 2541 किसानों की वृद्धि हुई है। जिला प्रशासन ने पंजीकृत किसानों को बिना परेशानी धान बेचने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।

इस वर्ष जिले के 60 उपार्जन केंद्रों में 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक धान खरीद की जाएगी। शासन के प्रावधानों के अनुसार किसान प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान बेच सकेंगे। कॉमन धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपये और ग्रेड-ए धान का समर्थन मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

किसानों को उपार्जन केंद्रों में टोकन के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए तुंहर टोकन एप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन की सुविधा दी गई है। इसकी प्रक्रिया 10 नवंबर से शुरू हो चुकी है। अब तक 976 किसान इस सुविधा का लाभ लेते हुए ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर चुके हैं। इससे खरीदी केंद्रों में अनावश्यक भीड़ कम होने के साथ ही किसानों को घर बैठे टोकन प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी।

धान खरीद के दौरान अवैध परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में चार चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। ये चेकपोस्ट ग्राम नवाटोला, चौपता पुल ग्राम विशालपुर, ग्राम खोंड और ग्राम रेवटी में बनाए गए हैं। यहां से धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर निगरानी रखी जाएगी।

कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन में खरीदी प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उपार्जन केंद्रों में बारदानों की उपलब्धता, पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था सहित जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। कलेक्टर ने शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए किसानों से व्यवस्थित तरीके से धान खरीदी करने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…