प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के हितग्राहियों को स्वरोजगार और एआई तकनीक का प्रशिक्षण, व्यवसाय विस्तार की दी गई जानकारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सूरजपुर, 27 नवंबर (हि.स.)।प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के हितग्राहियों को पारंपरिक व्यवसाय से आगे बढ़कर आधुनिक बाजार और तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से लाइवलीहुड कॉलेज सूरजपुर में आज शुक्रवार को एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें हितग्राहियों को स्वरोजगार, उद्यम विकास, उत्पादों की ब्रांडिंग, मार्केटिंग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और बैंक ऋण सुविधाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य कारीगरों और शिल्पकारों को आत्मनिर्भर उद्यमी बनाकर उनकी आय और रोजगार के अवसर बढ़ाना था।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक फिलिप तिग्गा ने हितग्राहियों को अपने पारंपरिक व्यवसाय को आधुनिक स्वरूप देने के तरीके बताए। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने, आकर्षक पैकेजिंग, ब्रांड पहचान विकसित करने और बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने पर जोर दिया।
एमएसएमई के सहायक संचालक दामोदरदास बेहरा ने ब्रांडिंग और मार्केटिंग की जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से उत्पादों का प्रचार-प्रसार कर ग्राहकों तक पहुंच बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने स्थानीय बाजार के साथ व्यापक बाजार में उत्पादों की बिक्री के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने की बात कही।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अग्रणी जिला प्रबंधक संदीप कुमार ने बैंक की ऋण सुविधाओं, आवेदन प्रक्रिया और बैंक से समन्वय की जानकारी दी। उन्होंने हितग्राहियों को वित्तीय अनुशासन बनाए रखने तथा ऋण राशि का उपयोग व्यवसाय विस्तार और स्वरोजगार के लिए करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में शिखा जायसवाल ने एआई और आधुनिक तकनीक के व्यावहारिक उपयोग के बारे में बताया। उन्होंने उत्पादों की डिजाइन तैयार करने, आकर्षक विज्ञापन और प्रचार सामग्री बनाने, ग्राहकों तक पहुंच बढ़ाने तथा डिजिटल मार्केटिंग में एआई की उपयोगिता समझाई। इस अवसर पर जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के प्रबंधक जयसिंह राज, अवधेश कुमार कुशवाहा सहित प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के हितग्राही उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय