प्रतापपुर धान खरीद केंद्र में 250 बोरी धान जब्त, नए और पुराने धान की मिली आवक

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सूरजपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीद व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन की जांच और निगरानी जारी है। इसी क्रम में आज गुरुवार को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रतापपुर रमेश मोर ने आदिम जाति सेवा सहकारी समिति प्रतापपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम पंचायत सिलौटा निवासी किसान लखनराम द्वारा विक्रय के लिए लाए गए 250 बोरी धान में नया और पुराना धान पाया गया।
प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग 100 क्विंटल धान की पूरी खेप जब्त कर ली। जब्त धान को समिति प्रबंधक प्रतापपुर की सुपुर्दगी में दिया गया है।
कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन में जिले के धान उपार्जन केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान धान की आवक, गुणवत्ता और खरीद से जुड़ी व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है, ताकि शासन के निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप पात्र किसानों से ही धान की खरीदी हो और किसी तरह की अनियमितता को रोका जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय