अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निराकरण को प्राथमिकता दें, थाना-चौकी प्रभारियों को सख्त निर्देश

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सूरजपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण को लेकर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में क्राइम मीटिंग ली। बैठक में जिले के सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों से लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। एसपी ने मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने और विवेचना में अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपराधों की विवेचना, चालान, मर्ग, गुम इंसान और शिकायतों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई। विशेष रूप से 60 और 90 दिनों से अधिक समय से लंबित अपराधों के निराकरण पर जोर दिया गया। एसपी ने विवेचकों को साक्ष्यों का समय पर संकलन, आरोपितों की गिरफ्तारी और चालान प्रस्तुत करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विवेचना निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और वैज्ञानिक साक्ष्यों पर आधारित होनी चाहिए। आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेकर प्राथमिकता के साथ उनका निराकरण करने को भी कहा।
एसपी ने फरार आरोपितों की गिरफ्तारी, समंस और स्थायी वारंटों की तामीली तथा निगरानी बदमाशों और गुंडा बदमाशों की गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने फरार आरोपितों और वारंटियों की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और जिलाबदर के लिए चिह्नित अपराधियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा।
नशा तस्करी और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए एसपी ने थाना-चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नशे के कारोबार में शामिल लोगों के साथ उनके नेटवर्क की पहचान कर प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने को कहा। बीट प्रणाली को सक्रिय बनाने पर जोर देते हुए बीट अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण, आम नागरिकों से संपर्क और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने, तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध जांच अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा गया। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़े करने वालों पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
बैठक में डिजिटल और तकनीक आधारित पुलिसिंग की प्रगति की भी समीक्षा की गई। एसपी ने सीसीटीएनएस, ई-साइन चालान, ई-साक्ष्य, ई-मेडलीपीआर और ई-एफएसएल सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। ई-साक्ष्य सीडी, आईआईएफ-1 से 6 तक की प्रविष्टियों, लंबित चार्जशीट और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड को समय-सीमा में अद्यतन करने के निर्देश दिए गए। ई-मेडलीपीआर के प्रभावी क्रियान्वयन और सभी विवेचकों के नियमित सीआरए लॉगिन पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा थानों में लंबित जब्त संपत्ति के मामलों की समीक्षा कर जब्त वाहनों, मादक पदार्थों और अन्य सामग्रियों का वर्षवार विवरण तैयार करने तथा नियमानुसार उनके निराकरण की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया। न्यायालयों में लंबित मामलों में प्रभावी पैरवी और समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी विशाल गर्ग, एसडीओपी प्रेमनगर बेर्नार्ड कुजूर, एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, डीएसपी अजाक रीता नीलम कुजूर सहित जिले के थाना-चौकी प्रभारी और पुलिस कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय