अंगारमोती मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, मड़ई में शामिल हुए डांग-डोरी और आंगादेव

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
संतान प्राप्ति की कामना लेकर महिलाओं ने निभाई परण की कठिन परंपरा
धमतरी, 13 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के बाद पहले शुक्रवार को गंगरेल स्थित आदिशक्ति मां अंगारमोती मंदिर में पारंपरिक मड़ई का आयोजन किया गया। लोक आस्था, जनजातीय संस्कृति और सदियों पुरानी परंपराओं के इस अनूठे संगम में शामिल होने सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मड़ई में डांग-डोरी, आंगादेव सहित बस्तर अंचल के विभिन्न देवी-देवताओं का आगमन हुआ। इस आयोजन में 52 गांव के देवी-देवता शामिल हुए।
मंदिर परिसर में पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज और रीति-रिवाजों के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। मड़ई का सबसे बड़ा आकर्षण डांग-डोरी, आंगादेव और संतान प्राप्ति की कामना को लेकर महिलाओं द्वारा निभाई जाने वाली परण की कठिन परंपरा रही। संतान सुख की मनोकामना लेकर पहुंची महिलाओं ने मां अंगारमोती के दरबार में पेट के बल लेटकर परण की रस्म निभाई। इस दौरान महिलाओं के हाथों में नींबू, फूल और नारियल थे तथा उनके बाल खुले हुए थे। परंपरा के अनुसार महिलाओं का सिर उत्तर और पैर दक्षिण दिशा की ओर रखा गया। इसके बाद मंदिर के मुख्य पुजारी और बैगा ने परण में शामिल महिलाओं के बीच बची जगह में पैर रखते हुए पारंपरिक रस्म पूरी की। इस अद्भुत और अनूठी परंपरा को देखने हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। मड़ई में खिड़कीटोला से माता दंतेश्वरी की अगुवानी भी की गई। परण की रस्म में शामिल होने धमतरी के अलावा, रायपुर, दुर्ग सहित दूर-दूर से महिलाएं पहुंची।
धमतरी जिले के अलावा छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन और मड़ई में शामिल होने पहुंचे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में हजारों दुकानें सजीं, जहां लोगों ने जमकर खरीदारी की। सुबह से देर तक दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। इस अवसर पर अंगारमोती ट्रस्ट के अध्यक्ष जीवराखन लाल मरई, माधव सिंह ठाकुर, पुजारी ईश्वर नेताम, नरोत्तम ठाकुर, नारायण ध्रुव, जयपाल ठाकुर, ठाकुर राम नेताम, राधेश्याम नेताम, मान सिंह मरकाम, ईश्वरी नेताम, नंदा ध्रुव, ओंकार नेताम, ढालू सिंह ध्रुव, देवानंद नेताम, नरेंद्र नेताम, रोशन मरकाम गणेश्वर ध्रुव, तुकाराम मरकाम, तिजेंद्र कुंजाम, हेमंत ध्रुव, नंदकिशोर नेताम, युवराज मरकाम, दिग्विजय ध्रुव, राजेंद्र ध्रुव,हरि नेताम,नरेंद्र नेताम सहित अन्य सदस्य व्यवस्था बनाने जुटे रहे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते गंगरेल मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हुई। व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तगड़ी तैनाती की गई थी। मां अंगारमोती की यह मड़ई धार्मिक आस्था के साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक मान्यताओं की जीवंत पहचान बनी रही। सुरक्षा व्यवस्था बहाल करने पुलिस बल तैनात रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा