Live VNS

बिहार विकास के नए स्वर्णिम काल की ओर अग्रसर, सड़क से शिक्षा और रोजगार तक हो रहा व्यापक बदलाव : डॉ. प्रेम कुमार

बिहार विकास के नए स्वर्णिम काल की ओर अग्रसर, सड़क से शिक्षा और रोजगार तक हो रहा व्यापक बदलाव : डॉ. प्रेम कुमार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

बक्सर, 19 नवंबर (हि.स.)। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार गुरुवार को अपने बक्सर दौरे के क्रम में सदर विधायक आनंद मिश्रा के कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने विधायक आनंद मिश्रा, भाजपा के जिला पदाधिकारियों, पार्टी नेताओं एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी बातचीत की और बिहार में जारी विकास कार्यों तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से अपनी बात रखी।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए लगातार काम कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हो रहे बदलाव बिहार के लिए नए स्वर्णिम काल का संकेत हैं। सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि बिहार में राष्ट्रीय राजमार्गों, एक्सप्रेस-वे, पुलों और सड़कों का तेजी से विस्तार हो रहा है। बक्सर से भागलपुर तक सड़क संपर्क एवं विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क से गांवों को शहरों, किसानों को बाजारों तथा युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे व्यापार, उद्योग और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विकास का मतलब केवल सड़क और भवन निर्माण नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक न्याय और आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करना भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसेवा और सरकार की योजनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

इस अवसर पर विधायक आनंद मिश्रा, भाजपा जिला महामंत्री लक्ष्मण शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…