ब्रह्मपुर में अगहनी धान फसल कटनी प्रयोग का निरीक्षण, प्रति हेक्टेयर 28.440 क्विंटल उपज का आकलन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
बक्सर, 23 नवंबर (हि.स.)। कृषि वर्ष 2026-27 के तहत जिले में अगहनी धान की उपज का आकलन करने के लिए कराए जा रहे फसल कटनी प्रयोग का सोमवार को अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय, बिहार, पटना की उप निदेशक श्रीमती रश्मि ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ब्रह्मपुर प्रखंड की योगिया पंचायत अंतर्गत कृतसागर गांव में धान फसल कटनी प्रयोग की प्रक्रिया का जायजा लिया।
यह प्रयोग किसान महेंद्र सिंह, पिता स्व. विजय नारायण सिंह के खेत (खेसरा संख्या 821) में किसान सलाहकार मानकेश्वर यादव द्वारा संपन्न कराया गया। इसके लिए खेत में 10 मीटर × 5 मीटर का आयताकार क्षेत्र निर्धारित कर धान की कटनी की गई। कटनी के बाद कुल 14.220 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त हुई। इसके आधार पर प्रति हेक्टेयर औसत उपज दर 28.440 क्विंटल आकलित की गई।
निरीक्षण के दौरान उप निदेशक ने फसल कटनी प्रयोग की प्रक्रिया एवं आंकड़ों का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने नगर पंचायत ब्रह्मपुर स्थित जन्म एवं मृत्यु रजिस्ट्रीकरण कार्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां रजिस्ट्रीकरण से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुझाव और दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी मोती कुमार दिनकर, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी मुन्ना अंसारी, डाटा एंट्री ऑपरेटर प्रमोद तिवारी, किसान सलाहकार मानकेश्वर यादव सहित अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra