Live VNS

कार्तिक पूर्णिमा पर रामरेखा घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, हजारों ने लगाई गंगा में आस्था की डुबकी

कार्तिक पूर्णिमा पर रामरेखा घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, हजारों ने लगाई गंगा में आस्था की डुबकी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

Buxar, 24 नवंबर (हि.स.)।

धर्म, आस्था और आध्यात्मिक चेतना के महापर्व कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को बक्सर के गंगा घाटों पर श्रद्धा का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

उत्तर वाहिनी मां गंगा के तट पर हजारों श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। सुबह की पहली किरण के साथ ही गंगा घाटों पर हर-हर गंगे और जय मां गंगा के जयघोष गूंजने लगे। देखते ही देखते रामरेखा घाट सहित शहर के तमाम प्रमुख घाट श्रद्धालुओं से गुलजार हो उठे।

इस दौरान रामरेखा घाट पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। इसी बीच बसाव पीठाधीश्वर श्री अच्युत्तय प्रपन्नाचार्य जी महाराज ने भी सुबह-सुबह अपने मठ से निकलकर रामरेखा घाट पहुंचकर उत्तरायण गंगा में गंगा स्नान कर दान पुन किये।

धार्मिक रीति रिवाज से कार्तिक पूर्णिमा का हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, भगवान विष्णु एवं मां गंगा की पूजा-अर्चना तथा जरूरतमंदों को दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक मास भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय है और पूर्णिमा के दिन स्नान-दान का विशेष महत्व है। यही वजह है कि इस अवसर पर दूर-दराज से श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए बक्सर पहुंचते हैं। जहां उत्तर वाहिनी गंगा की धार्मिक महत्ता के कारण बक्सर का रामरेखा घाट श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र बना रहा।

आपको बता दे कि शहर के रामरेखा घाट, नाथ बाबा घाट, सती घाट, गोला घाट, सिद्धनाथ घाट समेत अन्य गंगा घाटों पर सुबह से ही स्नानार्थियों की भीड़ जुटने लगी थी।

सोमवार की देर रात से ही ट्रेनों के माध्यम से उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न इलाकों से श्रद्धालुओं के बक्सर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। कई श्रद्धालुओं ने रामरेखा घाट स्थित विवाह मंडप और आसपास के मठ-मंदिरों में रात्रि विश्राम किया। इसके बाद मंगलवार की अहले सुबह गंगा स्नान कर मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने दीपदान, पुष्प अर्पण और दान-पुण्य कर परिवार की खुशहाली की मंगलकामना की।

रामरेखा घाट की ओर जाने वाली वीर कुंवर सिंह चौक की सड़क सुबह होते-होते श्रद्धालुओं की भीड़ से भर गई। घाट पर स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने आसपास लगे मेले का भी आनंद उठाया। पूजा सामग्री, फूल-माला, प्रसाद और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की दुकानों पर लोगों की आवाजाही बनी रही। बच्चों और परिवार के साथ पहुंचे लोगों में मेले को लेकर खासा उत्साह देखा गया। वहीं, धार्मिक अनुष्ठानों और मंदिरों में पूजा-अर्चना का सिलसिला भी दिनभर जारी रहा।

सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने की व्यापक व्यवस्था

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से पहले से ही सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां की गई थीं। अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा एक दिन पूर्व ही यातायात का रूट निर्धारित कर दिया गया था, ताकि घाटों की ओर जाने वाले रास्तों पर अनावश्यक वाहनों का दबाव कम रहे। गंगा में किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए नावों के परिचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई थी। हालांकि इस निर्णय से नाव संचालकों में नाराजगी देखी गई, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने किसी प्रकार का जोखिम नहीं उठाया।

घाटों एवं प्रमुख रास्तों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को भी अलग-अलग स्थानों पर लगाया गया था। चोर-उचक्कों और जेबकतरों पर निगरानी रखने के साथ भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मी लगातार सक्रिय रहे। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर भी विशेष सतर्कता बरती गई।

स्टेशन रोड पर जाम से श्रद्धालुओं को हुई परेशानी

एक ओर घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ा रहा, वहीं दूसरी ओर श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही के कारण शहर की यातायात व्यवस्था पर भी दबाव देखने को मिला। विशेषकर स्टेशन रोड पर रुक-रुककर जाम लगता रहा। ट्रेनों से उतरकर घाटों की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं और स्नान के बाद वापस लौटने वाले लोगों की भीड़ के कारण कई स्थानों पर आवागमन धीमा पड़ गया। हालांकि पुलिसकर्मी यातायात को सामान्य बनाए रखने के लिए लगातार मशक्कत करते रहे।

मठ मंदिरों में भी रहा विशेष व्यवस्था

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शहर के मठ-मंदिरों में भी एक दिन पूर्व से ही विशेष तैयारियां की गई थीं। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने और पूजा-पाठ की व्यवस्था की गई थी। कुल मिलाकर, कार्तिक पूर्णिमा पर बक्सर की धरती एक बार फिर धर्म, संस्कृति और लोक आस्था के रंग में रंगी नजर आई। मां गंगा के तट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने यह साबित किया कि उत्तर वाहिनी गंगा और रामरेखा घाट के प्रति लोगों की आस्था कितनी गहरी है। स्नान, दान और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालु मां गंगा का आशीर्वाद लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना होते रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…