Live VNS

दीक्षांत समारोह में स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज को मिलेगी मानद डी.लिट. उपाधि

दीक्षांत समारोह में स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज को मिलेगी मानद डी.लिट. उपाधि

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

अजमेर, 19 नवम्बर(हि.सं.)। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के आगामी 14वें दीक्षांत समारोह में प्रख्यात आध्यात्मिक चिंतक एवं श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव परम श्रद्धेय स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज को विश्वविद्यालय की सर्वोच्च मानद उपाधि 'डॉक्टर ऑफ लिटरेचर' (डी.लिट.) से सम्मानित किया जाएगा। कुलगुरु प्रोफेसर सुरेश कुमार अग्रवाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय ज्ञान परंपरा, आध्यात्मिक चिंतन, सांस्कृतिक चेतना एवं राष्ट्र जीवन में स्वामी जी के विशिष्ट योगदान को दृष्टिगत रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज का जीवन भारतीय अध्यात्म, वेद-वेदांत एवं सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के प्रति समर्पित रहा है। महाराष्ट्र में जन्मे स्वामी जी ने बाल्यकाल से ही भारतीय धर्मग्रंथों एवं दर्शन का अध्ययन प्रारंभ किया। मात्र 17 वर्ष की आयु में उन्होंने श्रीमद्भागवत पर प्रथम प्रवचन दिया। विगत पांच दशकों से अधिक समय से वे श्रीमद्भागवत, श्रीमद्भगवद्गीता, श्रीरामचरितमानस एवं अन्य भारतीय धर्मग्रंथों के माध्यम से आध्यात्मिक चेतना और नैतिक मूल्यों का प्रसार कर रहे हैं।

स्वामी जी ने भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन, गुरुकुल शिक्षा और संस्कार आधारित जीवन दृष्टि को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक संस्थागत प्रयास किए हैं। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनका व्यक्तित्व आध्यात्मिक साधना, शास्त्रीय ज्ञान और सांस्कृतिक चेतना का प्रेरक उदाहरण है।

उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय द्वारा आगामी 14वें दीक्षांत समारोह में दो अन्य विशिष्ट विभूतियों को भी मानद डी.लिट. उपाधि प्रदान करने का निर्णय पूर्व में लिया जा चुका है। इनमें गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, जो प्राकृतिक कृषि, गुरुकुल शिक्षा एवं भारतीय जीवन मूल्यों के संवर्धन के लिए कार्यरत हैं, तथा प्रख्यात शिक्षाविद् ताई इंदुमती काटदरे, जिन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा आधारित शिक्षा के विकास एवं प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, शामिल हैं।

कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि इन तीनों विभूतियों का सम्मान भारतीय ज्ञान परंपरा, मूल्यपरक शिक्षा, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के प्रति विश्वविद्यालय की कृतज्ञता का प्रतीक है। विश्वविद्यालय का यह प्रयास विद्यार्थियों एवं युवा पीढ़ी को प्रेरणादायी व्यक्तित्वों के जीवन और कार्यों से परिचित कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…