स्वनिधि योजना से छोटे कारोबारियों को मिल रहा आत्मनिर्भर बनने का अवसर : रमेश अवस्थी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कानपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। पथ विक्रेता छोटे कारोबार के जरिए शहर की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ बड़ी संख्या में लोगों की आजीविका का आधार बने हुए हैं। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने ऐसे कारोबारियों को आर्थिक रूप से आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। सरकार का प्रयास है कि छोटे व्यापारियों को आर्थिक सहायता के साथ उनके कारोबार के विस्तार के लिए भी बेहतर सुविधाएं मिलें। यह बातें शुक्रवार को पनकी के बी-ब्लॉक स्थित दुर्गा पार्क में आयोजित स्वनिधि महोत्सव में सांसद रमेश अवस्थी ने कहीं।
उन्होंने कहा कि पथ विक्रेताओं को प्रोत्साहित करना और उनकी मेहनत को सम्मान देना जरूरी है। स्वनिधि योजना के माध्यम से छोटे व्यापारियों को ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे अपने कारोबार को आगे बढ़ा सकें। डिजिटल लेनदेन को अपनाने से उनके व्यापार में पारदर्शिता और सुविधाएं भी बढ़ रही हैं।
इससे पहले सांसद रमेश अवस्थी ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की ओर से लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। पथ विक्रेताओं और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी देखी और उनकी सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के शिविर में अपना स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया।
महोत्सव में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से जुड़े 35 पथ विक्रेताओं और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने स्वनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। शक्ति रसोई और कानपुर क्वेर फाउंडेशन की ओर से अनुज पाण्डेय ने भी स्टॉल लगाया। इसके अलावा नेडा, समाज कल्याण, बेसिक शिक्षा, श्रम, आयुष, मिशन शक्ति, स्वास्थ्य विभाग और बैंक ऑफ बड़ौदा सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर अपनी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में योजना के तहत प्रथम, द्वितीय और तृतीय ऋण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। क्रेडिट कार्ड से संबंधित उपलब्धि हासिल करने वाले छह पथ विक्रेताओं के साथ डिजिटल लेनदेन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विक्रेताओं को भी सम्मानित किया गया।
महोत्सव के दौरान गंधर्व संगीत एवं नाट्य सेवा संस्थान के कलाकारों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके साथ ही नुक्कड़ नाटक और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना पर आधारित जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को योजना की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नगर)/परियोजना अधिकारी डूडा सौरभ सिंह, जोनल अधिकारी जोन-5 अनुपम त्रिपाठी, पार्षद आरती त्रिपाठी, डूडा के लेखाकार संजीव कुमार त्रिपाठी, शहर मिशन प्रबंधक शिवांगी सिंह, सामुदायिक आयोजक दीपेंद्र सिंह, वरुण कुमार, चंद्रा विश्वकर्मा सहित नगर निगम और डूडा के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप