नगर पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई टिहरी, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के नई टिहरी में नगर पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत के खिलाफ जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत के पति जयेंद्र रावत से कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने पालिकाध्यक्ष के साथ ही कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 19 नवंबर को बौराड़ी स्थित गणेश चौक की है। यहां मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन की समाप्ति के दौरान पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत और जयेंद्र रावत के बीच विवाद हो गया था। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर अभद्रता और मारपीट करने के आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी थी।
कोतवाली निरीक्षक ऐश्वर्य पाल ने बताया कि जयेंद्र रावत की तहरीर के आधार पर पालिकाध्यक्ष और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि दूसरे पक्ष की ओर से भी तहरीर मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।
वहीं, पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि नगर के प्रथम व्यक्ति के साथ सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज करना गलत है। उन्होंने हालांकि किसी के साथ मारपीट करने से इनकार किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी