गंगा की निर्मलता पर नालों का ग्रहण, दूषित पानी रोकने के लिए बनेंगे फिल्टर चैंबर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की टीम ने सोता बहादुरपुर में परखी हकीकत, 17 एमएलडी एसटीपी का भी किया निरीक्षण; डीएम ने अधिकारियों को दिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
फर्रुखाबाद, 13 नवंबर( हि.स.)। गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने की मुहिम के सामने नदी में सीधे गिर रहे नाले बड़ी चुनौती बने हुए हैं। नालों के जरिए गंगा में पहुंच रहे दूषित पानी को रोकने के लिए अब ग्राम पंचायत स्तर पर फिल्टर चैंबर बनाए जाएंगे। शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की टीम ने जिले में पहुंचकर नालों की स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने संबंधित विभागों को सभी नालों को चिह्नित कर उनके दूषित पानी के उपचार और निस्तारण की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, नई दिल्ली के उपनिदेशक नलिन कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में आई टीम ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें गंगा नदी में सीधे गिर रहे नालों और उनके माध्यम से पहुंच रहे प्रदूषित पानी की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी नालों का विस्तृत ब्योरा तैयार किया जाए। दूषित पानी को गंगा में जाने से रोकने के लिए तकनीकी और व्यावहारिक विकल्प तलाशकर समयबद्ध कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दशा में बिना उपचारित गंदा पानी गंगा में प्रवाहित नहीं होना चाहिए।
बैठक के बाद टीम ने विकासखंड बढ़पुर के ग्राम सोता बहादुरपुर पहुंचकर गंगा में गिर रहे नालों का स्थलीय निरीक्षण किया। नालों के निकास स्थलों और नदी तक पहुंच रहे दूषित पानी की स्थिति देखी गई। टीम ने ग्राम पंचायत स्तर पर फिल्टर चैंबर बनाकर नालों के पानी को गंगा में पहुंचने से पहले रोकने और उसके उचित प्रबंधन के निर्देश दिए। जिले के अन्य क्षेत्रों में गंगा में गिरने वाले नालों को भी चिह्नित कर इसी तरह की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इसके बाद टीम ने फतेहगढ़ स्थित 17 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निरीक्षण किया। यहां प्लांट की कार्यप्रणाली और उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। टीम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से निर्धारित मानकों के अनुरूप दूषित जल का उपचार सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान प्रभागीय निदेशक राजीव कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अवनीश कुमार, गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई जल निगम कानपुर के परियोजना अभियंता मोहित चक, जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल, जल निगम शहरी के विपुल कुमार सहित खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत, ग्राम पंचायत सचिव और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर