हिसार को 2027 तक जाम से मुक्ति दिलाने का लक्ष्य, अंदरूनी सड़क होंगी सिक्स लेन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
पेड़ों की कटाई पर हाईकोर्ट की रोक हटने का इंतजार,
बजट और टेंडर की प्रक्रिया पूरी
सातरोड-कैंट रोड पर 15 दिन में लाइट नहीं लगी
तो अधिकारियों पर एफआईआर
हिसार, 19 नवंबर (हि.स.)। हिसार शहर में बढ़ते
ट्रैफिक दबाव और आए दिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए अब विकास परियोजनाओं
को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की तैयारी है। शहर के अंदरूनी मार्ग को सिक्स लेन बनाने
से लेकर प्रमुख चौक-चौराहों पर स्लिप रोड, सर्विस लेन और फ्लाईओवर बनाने तक की योजनाओं
को वर्ष 2027 तक सिरे चढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। अंदरूनी सड़क को सिक्स लेन बनाने
के लिए सर्वे और बजट का प्रावधान पूरा हो चुका है। टेंडर भी तैयार है, लेकिन पेड़ों
की कटाई पर हाईकोर्ट की रोक के कारण काम अटका हुआ है। रोक हटते ही निर्माण शुरू करवा
दिया जाएगा।
हिसार को जाम मुक्त और आधुनिक शहर बनाने के लिए
सरकार की ओर से गठित विशेष समिति की छठी बैठक में गुरुवार को कैबिनेट मंत्री एवं समिति
अध्यक्ष रणबीर गंगवा ने शहर की यातायात व्यवस्था से जुड़ी परियोजनाओं की समीक्षा की।
बैठक में साफ किया गया कि अब केवल योजनाएं बनाने के बजाय उन्हें धरातल पर उतारने पर
जोर रहेगा। विधायक रणधीर पनिहार, विधायक सावित्री जिंदल, पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता
और मेयर प्रवीण पोपली ने भी शहर की अलग-अलग सड़कों और चौक-चौराहों पर जाम की समस्या
के समाधान के लिए सुझाव रखे।
शहर के सबसे पुराने रेलवे ओवरब्रिज को हटाकर उसकी
जगह सिक्स लेन पुल बनाने की तैयारी है। बस अड्डे के सामने फुटओवर ब्रिज हटाने का काम
अंतिम चरण में है। बस अड्डे के नजदीक मल्टीस्टोरी कार पार्किंग बनाने के लिए परिवहन
विभाग के साथ बातचीत चल रही है। वहीं बस अड्डे के पिछले गेट से बसों का संचालन शुरू
कर दिया गया है। इस मार्ग को भी चौड़ा किया जाएगा, ताकि मुख्य सड़क पर बसों का दबाव
कम हो सके।
डाबड़ा चौक पर पुल के साथ सड़क मार्ग बनाने का
काम चल रहा है, जबकि डाबड़ा माइनर पर सड़क निर्माण भी जल्द शुरू होगा। इस परियोजना
के एक हिस्से में जमीन से जुड़े मामले एसडीएम कोर्ट में लंबित हैं। मंत्री ने अधिकारियों
को इनका जल्द समाधान करवाने के निर्देश दिए। कैंप चौक से रेस्ट हाउस की तरफ स्लिप रोड
बनाने को भी कहा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर