Live VNS

बनारस बिनाले व काशी तमिल संगमम का होगा आगाज, नमोघाट पर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा, अपर पुलिस आयुक्त व नगर आयुक्त ने परखी तैयारी

बनारस बिनाले व काशी तमिल संगमम का होगा आगाज, नमोघाट पर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा, अपर पुलिस आयुक्त व नगर आयुक्त ने परखी तैयारी

BK Pathak ·

वाराणसी। काशी में सांस्कृतिक आयोजनों की दोहरी छटा बिखरने जा रही है। एक ओर बनारस बिनाले तो दूसरी ओर काशी तमिल संगमम का आगाज हो रहा है। दोनों आयोजनों के माध्यम से काशी की सांस्कृतिक विरासत, कला और साहित्य के साथ उत्तर और दक्षिण भारत के प्राचीन सांस्कृतिक संबंधों को नई पहचान देने की तैयारी है। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी तमिल संगमम का शुभारंभ करेंगे। इसको लेकर प्रशासन अलर्ट है। अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा और नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर तैयारी देखी।

बनारस बिनाले के तहत कला, संगीत, साहित्य और हस्तशिल्प से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। बीएचयू, भारत कला भवन, नमोघाट समेत शहर के प्रमुख स्थलों पर प्रदर्शनियां, संगीत समारोह, फिल्म फेस्टिवल और हेरिटेज वॉक आकर्षण का केंद्र होंगे। 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित होने वाले काशी तमिल संगमम् में तमिलनाडु से करीब 1400 प्रतिनिधियों के वाराणसी पहुंचने की संभावना है। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन इसका उद्घाटन करेंगे, जबकि समापन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे। इस बार आयोजन की थीम 'तिरुक्कुरल पयिल्वोम' यानी 'तिरुक्कुरल का अध्ययन करें' रखी गई है।

आयोजन को लेकर शुक्रवार को अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा और नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने नमोघाट सहित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और आगंतुकों की सुविधाओं से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने बताया कि नमोघाट पर तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा। घाट के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में जल पुलिस, सिविल पुलिस और अन्य एजेंसियों को लगाया जाएगा। आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात प्रबंधन की भी विस्तृत व्यवस्था की गई है, ताकि कार्यक्रम के दौरान आम लोगों को परेशानी न हो।

नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने बताया कि नगर निगम की ओर से घाट पर सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं के लिए टीमें तैनात कर दी गई हैं। तैयारियों की समीक्षा पहले ही की जा चुकी है। आयोजन के दौरान आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…