गंगा द्वार पर गूंजे हर-हर महादेव के स्वर, त्रिपुरारी और मां गंगा की उतारी आरती, नमामि गंगे ने देव दीपावली पर जल संरक्षण का दिया संदेश

वाराणसी। देव दीपावली के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर नमामि गंगे की ओर से भगवान शिव (त्रिपुरारी) और मां गंगा की विशेष आरती की गई। दीपों की रोशनी, शंखनाद और मंत्रोच्चार के बीच आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में गंगा की अविरलता, निर्मलता और जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प लिया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को संदेश दिया गया कि देव दीपावली केवल दीपोत्सव और धार्मिक उल्लास का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और जल स्रोतों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर है।
कार्यक्रम में भगवान शिव और मां गंगा के अटूट संबंध को नमन करते हुए द्वादश ज्योतिर्लिंगों एवं गंगाष्टकम का पाठ किया गया। श्रद्धालुओं ने आरती में सहभागिता कर आध्यात्मिक अनुभूति की। साथ ही गंगा सहित नदियों, कुंडों और सरोवरों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने का संकल्प दोहराया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि देव दीपोत्सव जल अनुष्ठानों के महात्म्य और सम्मान का शिखर पर्व है। यह मां सुरसरि की असीम कृपा के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है। काशी में गंगा के साथ सरोवरों और कुंडों पर भी दीप प्रज्ज्वलित करने की परंपरा बताती है कि प्रत्येक छोटा-बड़ा जल स्रोत जीवन के लिए महत्वपूर्ण है। इनका संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि देव दीपावली आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देती है। गंगा और अन्य जल स्रोतों को केवल पूजनीय मानना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी स्वच्छता के लिए व्यवहार में भी बदलाव लाना होगा। घाटों और जल स्रोतों के आसपास कचरा फैलाना तथा प्रदूषण करना हमारी धार्मिक आस्था के विपरीत है।
राजेश शुक्ला ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की कि दीपोत्सव के दौरान घाटों पर पूजा सामग्री, प्लास्टिक और अन्य कचरा न छोड़ें। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद घाटों की स्वच्छता बनाए रखना भी पूजा जितना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गंगा की निर्मलता और जल स्रोतों की सुरक्षा के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। कार्यक्रम में अर्चना, सुरभि, भावना, रेनू कुमारी, पूनम कुमारी, रश्मि कुमारी, आर्या अदिति, डॉ. एसके ठाकुर और राकेश सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं पर्यटक शामिल रहे।