नगर निगम की ओटीएस योजना की बढ़ी मियाद, अब 14 दिसंबर तक आवेदन पर मिलेगा ब्याज माफी का लाभ

वाराणसी। नगर निगम की एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का लाभ लेने से वंचित भवन स्वामियों को शासन ने बड़ी राहत दी है। योजना के तहत आवेदन करने की अंतिम तिथि एक महीने बढ़ाकर अब 14 दिसंबर कर दी गई है। वहीं, प्राप्त आवेदनों का निस्तारण 15 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। इससे नगर निगम सीमा क्षेत्र के उन भवन स्वामियों को राहत मिलेगी, जो निर्धारित समयसीमा में योजना का लाभ नहीं ले सके थे। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 14 नवंबर निर्धारित थी।
नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी के मुताबिक, नगर निगम के सभी आठ जोन में कुल 97,918 भवन स्वामियों पर गृहकर का 209.95 करोड़ रुपये बकाया है। इस पर 85.72 करोड़ रुपये ब्याज बनता है। इस तरह कुल देनदारी 295.67 करोड़ रुपये है। ब्याज माफी का लाभ देने के लिए शुरू की गई ओटीएस योजना के तहत अब तक 25,075 भवन स्वामियों ने आवेदन किया है। इन पर कुल 70.01 करोड़ रुपये की मांग निर्धारित है।
आंकड़ों के मुताबिक, योजना के तहत आवेदन करने वालों में से अब तक केवल 4,574 भवन स्वामियों ने ही 8.89 करोड़ रुपये जमा कराए हैं। वहीं, 20,501 भवन स्वामियों ने आवेदन करने के बावजूद 61.12 करोड़ रुपये की बकाया धनराशि जमा नहीं की है। नगर निगम प्रशासन को उम्मीद है कि आवेदन की समयसीमा बढ़ने से अधिक भवन स्वामी योजना का लाभ उठाएंगे और गृहकर का बकाया जमा करेंगे। वहीं, लोहता और वरुणा क्षेत्र में योजना के तहत प्रगति महज 4.23 फीसदी पर अटकी हुई है।