Live VNS

काशी में तैयार होगा पांचवां मियावाकी वन, 1900 वर्गफीट में रोपे जाएंगे 1100 पौधे, पक्षियों और तितलियों के लिए विकसित होगा अनुकूल वातावरण

काशी में तैयार होगा पांचवां मियावाकी वन, 1900 वर्गफीट में रोपे जाएंगे 1100 पौधे, पक्षियों और तितलियों के लिए विकसित होगा अनुकूल वातावरण

BK Pathak ·

वाराणसी। कम जगह में घना जंगल विकसित करने की जापानी मियावाकी पद्धति से काशी का पांचवां मियावाकी वन तैयार किया जा रहा है। रोहनिया के कंचनपुर स्थित किरण सोसाइटी परिसर में करीब 1900 वर्गफीट भूमि पर 35 प्रजातियों के 1100 पौधे रोपे गए हैं। विश्व ज्योति जनसंचार समिति की इस पहल का उद्देश्य हरियाली बढ़ाने के साथ जैव विविधता का भी संरक्षण करना है।

विश्व ज्योति जनसंचार समिति के अनुसार, जापान की मियावाकी पद्धति में कम भूमि पर स्थानीय प्रजातियों के पौधे सघन रूप से लगाए जाते हैं। इससे कम समय में प्राकृतिक वन जैसी संरचना विकसित करने में मदद मिलती है। इसमें स्थानीय प्रजातियों के पौधे, पक्षियों, तितलियों और दूसरे जीव-जंतुओं के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करते हैं।

इस पद्धति से विकसित वन पर्यावरण संरक्षण के साथ जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने, वायु गुणवत्ता सुधारने और शहरी क्षेत्रों में बढ़ते तापमान को नियंत्रित करने में भी योगदान देते हैं। किरण सोसाइटी परिसर में विकसित किए जा रहे इस वन से आसपास के क्षेत्र में हरियाली बढ़ेगी और जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा।

संस्था का मानना है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सामुदायिक सहभागिता और जागरूकता जरूरी है। इस दिशा में बच्चों और स्थानीय समुदायों को भी पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पौधरोपण अभियान में संस्था के निदेशक पवित्र जॉन जॉर्ज, सम्मान्यक प्रमोद, गिरीशंकर, रवि, राजेश श्रीवास्तव, सतीश मिश्रा सहित अन्य लोगों ने सहभागिता की।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…