Live VNS

सरकार को सभी परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए-सांसद मियां अल्ताफ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

गांदरबल, 23 नवंबर (हि.स.)। सांसद मियां अल्ताफ अहमद लारवी ने सोमवार को कहा कि सरकार को सभी परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए क्योंकि अनियमितताओं की शिकायतें आम हो गई हैं।

गांदरबल के सलोरा स्थित क़मरिया मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल के वार्षिक दिवस पर मीडियाकर्मियों से बात करते हुए मियां अल्ताफ ने कहा कि अधिकांश लोगों की शिकायत है कि परीक्षाओं में पारदर्शिता नहीं है। उन्होंने भारत में हुई नीट परीक्षा का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसी घटना दूसरी बार हुई और एक केंद्रीय मंत्री को पद छोड़ना पड़ा। उन्होंने कहा कि इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए सरकार का यह बड़ा कर्तव्य बन जाता है कि वह इस मामले में बहुत सतर्क और सावधान रहे और व्यवस्था को यथासंभव पारदर्शी बनाए।

वन विभाग के हालिया पेपर लीक आरोपों पर मियां अल्ताफ ने कहा कि जो हुआ वह नहीं होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि सरकार का दावा है कि मामला सीमित था लेकिन उसने इसे फैलने नहीं दिया और इसे नियंत्रित किया। उन्होंने कहा कि अब जांच के बाद अगर कुछ सामने आता है तो कोई भी व्यक्ति इस पर पूरी तरह से टिप्पणी कर सकता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इन परीक्षाओं में पारदर्शिता अत्यंत आवश्यक है। मियां अल्ताफ ने कहा कि बच्चे इतनी मेहनत कर रहे हैं उनके माता-पिता इतना पैसा खर्च कर रहे हैं, उसके बाद अगर ऐसी घटनाएं होती हैं तो यह हम सभी के लिए बहुत चिंता का विषय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…