पुष्कर मेले में 22 एवं 23 नवम्बर को होगा भव्य अजमेर केसरी कुश्ती दंगल-2026

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
अजमेर, 19 नवम्बर(हि.स.)। विश्वविख्यात अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में इस बार खेल और शौर्य की पारंपरिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मेले के अवसर पर 22 एवं 23 नवम्बर को पुष्कर मेला ग्राउंड में भव्य पुष्कर मेला अजमेर केसरी कुश्ती दंगल-2026 का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश के विभिन्न राज्यों के नामी पहलवान अपनी कुश्ती कला, शक्ति और दमखम का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों के पहलवान भाग लेंगे। वहीं, मेले में शामिल होने वाले विदेशी मेहमानों और पर्यटकों के लिए भी यह आयोजन विशेष आकर्षण का केन्द्र रहेगा।
यह भव्य आयोजन राजस्थान राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के ओएसडी राजीव दत्ता के विशेष नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। दत्ता की खेलों के प्रति रुचि और पारंपरिक भारतीय कुश्ती को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता के चलते इस आयोजन को विशेष स्वरूप दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य कुश्ती को केवल प्रतियोगिता तक सीमित न रखकर भारतीय खेल संस्कृति और राजस्थान की गौरवशाली परंपरा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। राजीव दत्ता का मानना है कि कुश्ती भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली खेल परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। इससे युवाओं में अनुशासन, शारीरिक क्षमता, आत्मविश्वास और खेल भावना का विकास होता है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है तथा पारंपरिक भारतीय खेलों को नई पहचान प्राप्त होती है।
राजस्थान राज्य कुश्ती संघ के महासचिव सौरभ बजाड़ ने बताया कि पुष्कर मेला राजस्थान की संस्कृति, धार्मिक आस्था, लोक परंपराओं और अतिथि सत्कार का अंतरराष्ट्रीय प्रतीक है। इसी भावना के अनुरूप कुश्ती दंगल को भव्य स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। प्रतियोगिता में राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों के पहलवान हिस्सा लेंगे। विदेशी मेहमानों को भी भारतीय कुश्ती की गौरवशाली परंपरा और रोमांचक मुकाबलों को नजदीक से देखने का अवसर मिलेगा।
पुरुष एवं महिला वर्ग में होंगे मुकाबले.......
प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के चार भार वर्ग निर्धारित किए गए हैं। इनमें 74 से 130 किलोग्राम, 60 से 74 किलोग्राम, 50 से 60 किलोग्राम तथा 40 से 50 किलोग्राम भार वर्ग शामिल हैं। इसी प्रकार महिला वर्ग में 60 किलोग्राम से अधिक, 50 से 60 किलोग्राम तथा 35 से 50 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबले आयोजित होंगे।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पहलवानों को आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। विभिन्न भार वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों के लिए 21 हजार, 11 हजार, 7,100, 5,100, 3,100 एवं 2,100 रुपये तक की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी पहलवानों का वजन 22 नवम्बर को प्रातः 8 से 10 बजे तक पुष्कर मेला ग्राउंड में किया जाएगा। सभी मुकाबले यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग के नियमों के अनुरूप मैट पर आयोजित होंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले पहलवानों के लिए आधार कार्ड एवं मूल निवास प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। आयोजन को सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
डॉ. अरविन्द शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि राजीव दत्ता के मार्गदर्शन में आयोजित यह दंगल राजस्थान की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ पारंपरिक भारतीय कुश्ती को व्यापक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने खेलप्रेमियों, कुश्तीप्रेमियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से 22 एवं 23 नवम्बर को पुष्कर मेला ग्राउंड पहुंचकर पहलवानों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन पुष्कर मेले की पहचान को धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्सव के साथ-साथ खेल और शौर्य के उत्सव के रूप में भी और अधिक सशक्त बनाएगा। देशभर के पहलवानों के रोमांचक मुकाबले निश्चित रूप से मेले के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष