Live VNS

मध्य प्रदेश में सर्दी का असर तेज, 16 शहरों में तापमान 15 डिग्री से नीचे, 18 नवंबर के बाद मावठे के आसार

मध्य प्रदेश में सर्दी का असर तेज, 16 शहरों में तापमान 15 डिग्री से नीचे, 18 नवंबर के बाद मावठे के आसार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

भोपाल, 16 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। रात और सुबह के समय ठंड तेज होने लगी है और प्रदेश के 16 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। कटनी का करौंदी 11.5 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जबकि 11.8 डिग्री के साथ इंदौर दूसरे स्थान पर रहा। बंगाल की खाड़ी में बन रही चक्रवातीय गतिविधियों के असर से 18 नवंबर के बाद प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में मावठा गिरने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से मौसम में बदलाव की संभावना है। 17 नवंबर को यह सिस्टम पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर प्रचंड चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसका असर मध्य प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी इलाकों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में स्थिति और स्पष्ट होगी। इसके बाद 18 नवंबर से प्रदेश में मावठे की संभावना बन सकती है।

कश्मीर और उत्तराखंड की बर्फबारी से बढ़ी ठंड

कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। वहीं, राजस्थान में चक्रवातीय गतिविधियों के कारण हल्की बारिश भी दर्ज की गई है। इन मौसमी बदलावों का असर मध्य प्रदेश के तापमान पर भी पड़ रहा है। प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट के साथ सुबह और देर रात ठंड का एहसास बढ़ गया है।

करौंदी सबसे ठंडा, इंदौर दूसरे स्थान पर

बीती रात कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंदौर में पारा 11.8 डिग्री रहा। इसके अलावा छिंदवाड़ा में 12.2, कल्याणपुर में 12.3, अमरकंटक में 12.4, रायसेन में 12.5 और दमोह में 12.6 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। पचमढ़ी और मलाजखंड में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री, नौगांव में 13.4 और उमरिया में 13.8 डिग्री रहा। जबलपुर, मंडला और नरसिंहपुर में पारा 14 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, उज्जैन में 14.5 और रीवा में 14.6 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…