स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर काम करेगी जीविका

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
किशनगंज, 27 नवंबर (हि.स.)। ग्रामीण क्षेत्रों में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक योग्य दंपतियों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जीविका के साथ मिलकर नई पहल शुरू की है। अब जीविका के स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से गांव-गांव और घर-घर तक परिवार नियोजन का संदेश पहुंचाया जाएगा। इसके तहत योग्य दंपतियों की पहचान कर उन्हें परिवार नियोजन के अस्थायी एवं स्थायी साधनों की जानकारी और आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। इसी उद्देश्य से शुक्रवार को जिला स्वास्थ्य समिति परिसर में जीविका के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के लिए एक दिवसीय गैर-आवासीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनुराधा चंद्र की उपस्थिति में स्वास्थ्य विभाग और जीविका के बीच समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। डीपीसी विश्वजीत कुमार ने बताया कि जीविका की ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत पहुंच और स्वयं सहायता समूहों का नेटवर्क परिवार नियोजन के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। समूह बैठकों और गृह भ्रमण के माध्यम से नवविवाहित दंपतियों, एक बच्चे वाले परिवारों तथा दो या अधिक बच्चों वाले दंपतियों को उनकी जरूरत के अनुसार जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में बताया गया कि जीविका के सामुदायिक कार्यकर्ता (सीएम), सामुदायिक संसाधन व्यक्ति (सीएनआरपी) और आशा कार्यकर्ता आपसी समन्वय से योग्य दंपतियों की सूची तैयार करेंगे। इच्छुक दंपतियों को उचित परामर्श देकर एएनएम, आशा फैसिलिटेटर एवं परिवार नियोजन परामर्शदाता के सहयोग से स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाया जाएगा। बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतर, सुरक्षित मातृत्व और गर्भनिरोधक साधनों के उपयोग के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि परिवार नियोजन महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षित मातृत्व और परिवार के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है। कार्यक्रम की नियमित निगरानी के लिए प्रखंड स्तर पर समन्वय बैठकें होंगी, जबकि जिला स्तर पर प्रत्येक तीन माह में संयुक्त समीक्षा की जाएगी। कार्यक्रम में डीपीएम हेल्थ, डीपीसी हेल्थ, बीएचएम, बीसीएम, जीविका के बीपीएम एवं स्वास्थ्य-पोषण के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह