Live VNS

जीएमसी बारामूला के पोस्ट ग्रेजुएट डॉक्टरों का स्टाइपेंड में उचित बढ़ोतरी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन 5वें दिन भी जारी

जीएमसी बारामूला के पोस्ट ग्रेजुएट डॉक्टरों का स्टाइपेंड में उचित बढ़ोतरी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन 5वें दिन भी जारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

श्रीनगर, 26 नवंबर (हि.स.)। सरकारी मेडिकल कॉलेज बारामूला के पोस्ट ग्रेजुएट डॉक्टरों का स्टाइपेंड में उचित बढ़ोतरी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन लगातार 5वें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शन कर रहे पीजी डॉक्टरों के अनुसार बीते दिन उनके प्रतिनिधिमंडल ने जम्मू-कश्मीर सरकार के स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर स्टाइपेंड में बढ़ोतरी से जुड़े अपने मुद्दों और मांगों को विस्तार से उनके समक्ष रखा। हालांकि इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधियों को केवल मौखिक आश्वासन ही मिला।

पीजी डॉक्टरों ने कहा कि वे सरकार के आश्वासन का सम्मान करते हैं लेकिन उन्हें स्टाइपेंड में संशोधन को लेकर लिखित सरकारी आदेश या आधिकारिक अधिसूचना चाहिए। उनका कहना है कि लंबे समय से उठाई जा रही इस मांग पर केवल मौखिक आश्वासन से निश्चितता नहीं मिल सकती।

डॉक्टरों ने कहा कि उनकी मांग कोई विशेष सुविधा हासिल करने की नहीं बल्कि उनके उचित अधिकार और मेहनत के अनुरूप स्टाइपेंड बढ़ाने की है। पीजी डॉक्टर दिन-रात अस्पतालों में अपनी सेवाएं देकर मरीजों की देखभाल और स्वास्थ्य व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रदर्शनकारी डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी जायज मांग को औपचारिक लिखित सरकारी आदेश के माध्यम से पूरा नहीं किया जाता तब तक उनका विरोध प्रदर्शन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।

उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस मामले में जल्द सकारात्मक फैसला लेकर बातचीत के माध्यम से समस्या का समाधान करेगी ताकि मरीजों की देखभाल भी प्रभावित न हो।

पीजी डॉक्टरों ने दोहराया कि उनकी मांग स्पष्ट है मौखिक आश्वासन को अमल में लाया जाए और स्टाइपेंड बढ़ोतरी का लिखित सरकारी आदेश जारी किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…